बढ़ी तेल की कीमत से आम जन परेशान, हरियाणा सरकार वैट घटाकर दे राहत:भूपेंद्र हुड्डा
बृजेन्द्र सिंह की सदभाव यात्रा के समापन पर शामिल ना होने पर बोले, ये मेरी मर्जी मैं जाऊं या ना जाऊं
रोहतक, 25 मई (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता महंगाई की मार झेल रही है, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय बोझ बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें पहले की तुलना में अब भी कम हैं, इसके बावजूद देश में तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसकी बड़ी वजह डॉलर के मुकाबले रुपए की गिरती कीमत है।रोहतक स्थित अपने आवास पर साेमवार काे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि तेल की बढ़ी कीमतों का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। परिवहन से लेकर रोजमर्रा की जरूरत की हर वस्तु महंगी हो रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित है। उन्होंने हरियाणा सरकार से मांग करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार को पेट्रोल और डीजल पर वैट कम करके जनता को राहत देनी चाहिए।हुड्डा ने कहा कि बढ़ती महंगाई और रोजगार की कमी के कारण प्रदेश में प्रवासी मजदूरों का पलायन भी शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि उद्योगों और छोटे कारोबारों पर भी आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। सरकार के पास आम लोगों की समस्याओं का कोई समाधान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा की मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। इस दौरान पत्रकारों ने जब पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल नहीं होने को लेकर सवाल किया तो हुड्डा ने बेबाक अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि “ये मेरी मर्जी है कि मैं कहीं जाऊं या ना जाऊं।” साथ ही उन्होंने वरिष्ठ नेता बीरेंद्र सिंह को लेकर कहा कि वे अब बुजुर्ग हो चुके हैं। अगर वे उनके बारे में कुछ कहते हैं तो वह सब माफ है। हुड्डा ने कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत संबंध अलग होते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

