home page

हिसार: दीपावली पर बाजारों में पुलिस सुरक्षा का मजबूत पहरा

 | 
हिसार: दीपावली पर बाजारों में पुलिस सुरक्षा का मजबूत पहरा


19 स्थायी नाकों पर भी पुलिस की तैनाती,

पार्किंग व्यवस्था संभालेंगी 4 विशेष पार्टियां

पुराने बाजारों के लिए लागू किया विशेष ट्रैफिक

प्लान

हिसार, 06 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के त्योहार

पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की सुरक्षा को देखते

हुए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए हैं। शुक्रवार काे शहर के प्रमुख बाजारों में

10 अस्थायी पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं, जबकि निगरानी और पैदल गश्त के लिए 10 पुलिस

पार्टियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा पूरे हिसार में 19 स्थायी पुलिस नाकों पर भी

पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। पार्किंग व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए चार विशेष

पुलिस पार्टियां लगाई गई हैं।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देशानुसार

तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक मुदगिल, के नेतृत्व में सुरक्षा के ये प्रबंध किए

गए हैं। बाजारों में भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने

के लिए विशेष पुलिस ड्यूटियां लगाई गई हैं, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के सुरक्षित

माहौल में त्योहार की खरीदारी कर सकें। प्रमुख बाजारों में लगाए गए 10 अस्थायी नाकों

के अलावा 10 पुलिस पार्टियां सिविल वर्दी में पैदल गश्त कर लगातार निगरानी रखेंगी।

पार्किंग और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए चार विशेष पुलिस पार्टियां तैनात की गई

हैं। वहीं, जिले में 19 स्थायी पुलिस नाकों पर भी पुलिस बल मुस्तैद रहेगा। सभी संबंधित

थाना प्रभारियों की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में अलग से तैनात रहेंगी। सुरक्षा व्यवस्था

को और मजबूत करने के लिए एक अतिरिक्त पुलिस कंपनी भी लगाई गई है।

पुराने बाजारों के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान

त्योहार के दौरान पुराने बाजारों में भीड़ और

वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए विशेष यातायात योजना लागू की गई है। इसके तहत तलाकी

गेट से गुरुद्वारे की तरफ होते हुए परिजात चौक तक ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन के लिए

अलग विशेष लाइन बनाई जा रही है, ताकि इनका आवागमन व्यवस्थित रहे। परिजात चौक से नागोरी गेट की तरफ जाने वाले मार्ग

को केवल दोपहिया और तिपहिया वाहनों के लिए वन-वे निर्धारित किया गया है। इस मार्ग पर

चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वहीं, चार पहिया वाहनों के लिए परिजात चौक से

तलाकी गेट की ओर जाने का अलग रास्ता निर्धारित किया गया है।

सुरक्षा में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने अधिकारियों और

कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि त्योहार के दौरान बाजारों में आने वाले नागरिकों,

महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। पुलिसकर्मी

पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत

कार्रवाई करें। बाजारों में अनावश्यक वाहन खड़े न होने दें तथा यातायात बाधित करने

वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर