सिरसा: शहीदी दिवस पर निकाली पदयात्रा
सिरसा, 23 मार्च (हि.स.)। मेरा युवा भारत के तत्वावधान में सोमवार को कालांवाली में शहीदी दिवस के अवसर पर मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी थीम के अंतर्गत भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा की शुरुआत शहीद भगत सिंह कॉलेज ऑफ एजुकेशन, कालांवाली से हुई। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शहीद भगत सिंह के जीवन, उनके विचारों और बलिदान पर प्रेरणादायक वक्तव्य प्रस्तुत किए। साथ ही देशभक्ति गीतों के माध्यम से पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को जागृत करना और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।
महाविद्यालय के चेयरपर्सन अशोक सिंगला ने युवाओं से शहीद भगत सिंह के आदर्शों पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य डॉ. प्रवीण शर्मा ने शहीद भगत सिंह की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों का विस्तारपूर्वक विश्लेषण किया। अन्य वक्ताओं ने भी युवाओं को सामाजिक एवं राष्ट्रीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
जननायक जनता पार्टी ने शहीद भगत सिंह स्टेडियम जाकर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और उन्हें नमन किया। इस दौरान जेजेपी जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा ने कहा कि देश की आजादी के लिए शहीद भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु जैसे अनेक अमर बलिदानियों ने जिस प्रकार अपना सर्वस्व न्यौछावर किया, उसी की बदौलत आज देशवासी स्वतंत्रता की सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति अपने परम दायित्वों को निभाने वाले ऐसे अमर सेनानियों की सीख सदैव देश की नवीन पीढ़ी के लिए नई राह दिखलाती रहेगी। उन्होंने सभी युवाओं से कहा कि शहीद भगत सिंह के ख्वाबों का भारत बनाने में अभी और भी महत्वपूर्ण कदम उठाने पड़ेंगे और इसमें सर्वाधिक योगदान युवाओं का अपेक्षित है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

