home page

हरियाणा में भर्ती होंगे फूड सेफ्टी ऑफिसर

 | 

-एचपीएससी ने जारी किया परीक्षा का पैटर्न

चंडीगढ़, 16 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा लोक सेवा आयोग ने फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट में फूड सेफ्टी ऑफिसर (ग्रुप-बी) के 45 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा का पैटर्न, पाठ्यक्रम और महत्वपूर्ण तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, कुल तीन चरणों (स्क्रीनिंग टेस्ट, सब्जेक्ट नॉलेज टेस्ट और इंटरव्यू) की प्रक्रिया के जरिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

स्क्रीनिंग टेस्ट 6 दिसंबर 2026 को होगी, जिसमें 2 घंटे की परीक्षा में 100 अंकों के 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। गलत जवाब देने पर 1/4 अंक काटा जाएगा। अगर किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना है, तो 5वां गोला भरना अनिवार्य होगा। यदि अभ्यर्थी 10 प्रतिशत से अधिक प्रश्नों में कोई भी गोला नहीं भरता है, तो उसे अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।

परीक्षा में न्यूनतम 25 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य है। कुल विज्ञापित पदों से 4 गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण (सब्जेक्ट टेस्ट) के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसमें जनरल साइंस, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय समसामयिकी,भारत का इतिहास, भूगोल, भारतीय संस्कृति, राजव्यवस्था, अर्थव्यवस्था, रीजनिंग, 10वीं स्तर की गणित व डाटा इंटरप्रिटेशन तथा हरियाणा जीके (इतिहास, भूगोल, संस्कृति आदि) से प्रश्न पूछे जाएंगे। इंटरव्यू का कुल वेटेज 12.5 प्रतिशत तय किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा