सिरसा: पांच नशा तस्कराें से लाखों रुपये के मादक पदार्थ बरामद
सिरसा, 08 जून (हि.स.)। पुलिस ने जिले क्षेत्र से पांच नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये की हेरोइन, चूरापोस्त व अफीम बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ नशा तस्करी व आपराधिक मामले पहले भी दर्ज हैं। तस्करों की पहचान गुरदीप सिंह, मलकीत सिंह, दीप सिंह, साहिल कुमार व गौरी शंकर के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि सीआईए सिरसा पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान टी प्वांइट रेलवे लाइन बङागुढा क्षेत्र में मौजूद थी। इस दौरान सामने से बाइक सवार दो युवक आते हुए दिखाई दिए जो कि पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक बाइक को वापस मोडक़र भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने शक के आधार पर दोनों युवकों को काबू कर तलाशी ली तो उनके कब्जे से 21 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछतछ में आरोपियों की पहचान गुरदीप सिंह व मलकीत सिंह के रूप में हुई। गिरफ्तार की किए गए आरोपियों के खिलाफ थाना बङागुढा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई।
इसके अलावा पुलिस ने गांव केवल में गश्त पड़ताल के दौरान एक युवक को काबू किया है। आरोपी के कब्जे से 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी दीप सिंह के खिलाफ कालांवाली थाना में मामला दर्ज किया गया है। चौटाला पुलिस चौकी ने प्रभारी ने संगरिया नाका क्षेत्र से गौरी शंकर को छह किलो चूरापोस्त व 560 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया है। कालांवाली पुलिस ने गांव देसूमलकाना से साहिल कुमार को हेरोइन बरामदगी मामले में काबू किया है। आरोपी साहिल के आपराधिक रिकॉर्ड से मिली जानकारी के अनुसार उसके खिलाफ नशा तस्करी व अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

