home page

हिसार : नई सब्जी मंडी फायरिंग के पांच आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

 | 
हिसार : नई सब्जी मंडी फायरिंग के पांच आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद


सीआईए मिल गेट ने पुरानी रंजिश में हुई फायरिंग की दोनों वारदातों को सुलझाया

आरोपियों से 315 और 32 बोर के पिस्टल बरामद किए

हिसार, 26 अगस्त (हि.स.)। नई सब्जी मंडी क्षेत्र में एक दिन पहले हुई फायरिंग

की दो वारदातों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया

है। सीआईए मिल गेट की टीम ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए 315

बोर और 32 बोर के अवैध पिस्टल बरामद किए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया

है कि दोनों फायरिंग की घटनाएं पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी गई थीं। पुलिस अब आरोपियों

से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य पहलुओं और हथियारों के स्रोत का पता लगाने में

जुटी है।

सीआईए प्रभारी सब इंस्पेक्टर जगदीश ने बुधवार काे बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पड़ाव चौक निवासी देवेन्द्र, गौरव राणा, विनय, 12 क्वार्टर रोड

निवासी पीयूष टाक व समर रोहिला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पहली फायरिंग की

घटना में टिब्बा दानाशेर निवासी अक्षय के घर के बाहर गोली चलाई गई थी। जमीन विवाद को

लेकर चल रही पुरानी रंजिश के चलते आरोपी उसके घर पहुंचे थे और जान से मारने की नीयत

से फायरिंग की। अक्षय ने नीचे झुककर अपनी जान बचाई थी। शिकायत पर एचटीएम थाना पुलिस

ने केस दर्ज किया है।

इसी दिन दूसरी वारदात 12 क्वाटर रोड, ढाणी किशनदत्त क्षेत्र में हुई थी। गौरव

ने शिकायत में बताया था कि पांच युवक दो मोटरसाइकिलों पर उसके कार्यालय के बाहर पहुंचे

और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उस पर गोली चला दी। गोली

उसकी गर्दन के पास से निकलकर कार्यालय के गेट में जा लगी। आरोपी इसके बाद दोबारा मौके

पर पहुंचे और फायरिंग कर फरार हो गए। इस मामले में भी एचटीएम थाना पुलिस ने केस दर्ज

किया था।

दोनों मामलों की जांच में पुलिस को आरोपियों और शिकायतकर्ता पक्ष के बीच पुरानी

रंजिश का पता चला। पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता पक्ष की ओर से आरोपियों के खिलाफ पहले

भी हवाई फायरिंग का मामला दर्ज करवाया गया था। इसी रंजिश को लेकर आरोपियों ने दोनों

वारदातों को अंजाम दिया।

सीआईए टीम ने जांच के दौरान आरोपियों को काबू कर उनके कब्जे से फायरिंग में

प्रयुक्त दोनों अवैध पिस्टल बरामद कर लिए। पुलिस अब आरोपियों से हथियारों की बरामदगी,

वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिलों और फायरिंग से जुड़े अन्य साक्ष्यों के बारे में

पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में आरोपियों के साथ कोई

अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं था।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर