home page

हिसार : टाइम्स हायर एजुकेशन रैंकिंग में गुरु जम्भेश्वर विवि हरियाणा में प्रथम और देश में 90वें स्थान पर

 | 
हिसार : टाइम्स हायर एजुकेशन रैंकिंग में गुरु जम्भेश्वर विवि हरियाणा में प्रथम और देश में 90वें स्थान पर


विश्व रैंकिंग के 1401-1600 बैंड में जगह,

118 देशों के 2297 संस्थानों में शामिल हुआ विश्वविद्यालय

हिसार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान

एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि

हासिल की है। विश्वविद्यालय को टाइम्स हायर एजुकेशन विश्व विश्वविद्यालय रैंकिंग-2027

में भारत में 90वां स्थान मिला है, जबकि विश्व स्तर पर विश्वविद्यालय को 1401-1600

के बैंड में स्थान प्राप्त हुआ है। इस प्रतिष्ठित वैश्विक रैंकिंग में स्थान पाने वाला

गुजविप्रौवि हरियाणा का एकमात्र राज्य सरकार का विश्वविद्यालय है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने

गुरुवार काे बताया कि टाइम्स हायर एजुकेशन विश्व विश्वविद्यालय रैंकिंग-2027 में 118 देशों एवं

क्षेत्रों के 2297 उच्च शिक्षण संस्थानों को शामिल किया गया है। भारत के 143 उच्च शिक्षण

संस्थानों को इसमें स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के शिक्षकों,

विद्यार्थियों, शोधार्थियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम

है। उन्होंने बताया कि रैंकिंग पांच प्रमुख क्षेत्रों के विभिन्न संकेतकों के आधार

पर तैयार की जाती है। इनमें शिक्षण, अनुसंधान वातावरण, अनुसंधान गुणवत्ता, उद्योग तथा

अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण शामिल हैं। वर्ष 2027 की रैंकिंग में विश्वविद्यालय का कुल

स्कोर 27.3-30.4 रहा। शिक्षण में 26.6, अनुसंधान वातावरण में 13.4, अनुसंधान गुणवत्ता

में 44.6, उद्योग में 32.3 तथा अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण में 18.2 अंक मिले। प्रो. विजय कुमार ने बताया कि ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय

ने लगातार दसवीं बार रैंकिंग में पहला स्थान बरकरार रखा है। उन्होंने कहा कि पहली बार

भारत सर्वाधिक रैंक किए गए विश्वविद्यालयों की संख्या के मामले में अमेरिका के बाद

दूसरे स्थान पर पहुंचा है।

एनआईआरएफ में भी कई श्रेणियों में उपलब्धियां

कुलपति ने बताया कि एनआईआरएफ-2025 में विश्वविद्यालय

को राज्य सार्वजनिक विश्वविद्यालय श्रेणी में 32वां, फार्मेसी में 49वां, प्रबंधन में

101-125वां, विश्वविद्यालय श्रेणी में 101-150वां, एसडीजी में 11-50वां, इंजीनियरिंग

में 201-300वां तथा समग्र श्रेणी में 151-200वां स्थान मिला है। उन्होंने बताया कि

विश्वविद्यालय का स्कोपस एच-इंडेक्स 146 है और शोध कार्यों को अब तक 1 लाख 43 हजार

303 स्कोपस उद्धरण प्राप्त हो चुके हैं। कुलपति प्रो. विजय कुमार और कुलसचिव डॉ. विजय

कुमार ने इस उपलब्धि पर सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों, अधिकारियों एवं

कर्मचारियों को बधाई दी। आईक्यूएसी निदेशक प्रो. कश्मीरी लाल, उप निदेशक डॉ. रमेश कुमार

और उप निदेशक डॉ. विक्रमजीत सिंह ने भी सभी हितधारकों को बधाई दी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर