home page

जींद : 1148 किलो पटाखों सहित भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद

 | 
जींद : 1148 किलो पटाखों सहित भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद


जींद, 15 नवंबर (हि.स.)। दिवाली पर्व समाप्त हो चुका है। बावजूद इसके शहर में अवैध रूप से किए गए पटाखों के भंडारण पर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत थाना शहर जींद पुलिस ने रोहतक रोड स्थित लक्ष्मी नगर में एक किराये के मकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस ने मौके से 1148 किलो 650 ग्राम पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री जब्त कर एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

रविवार को जानकारी देते हुए थाना शहर जींद के प्रभारी निरीक्षक परवीन कुमार ने बताया कि रोहतक रोड चौकी प्रभारी अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम हथौड़ा चौक के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लक्ष्मी नगर में कृष्ण गोयल ने पुराना मकान किराये पर ले रखा है। इसमें वह बिना किसी वैध लाइसेंस और परमिट के पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत रेडिंग पार्टी तैयार कर बताए गए मकान पर दबिश दी। वहां मौजूद व्यक्ति ने पूछताछ में अपनी पहचान कृष्ण गोयल के रूप में बताई। पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो गत्ते की पेटियों और प्लास्टिक के कट्टों में भारी मात्रा में पटाखे और विस्फोटक सामग्री रखी मिली।

वजन करने पर कुल 1148 किलो 650 ग्राम सामग्री बरामद हुई। आरोपित पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर नियमानुसार सील कर दिया। आरोपित के खिलाफ थाना शहर जींद में विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा