दमकल कर्मियों पर सरकार की सख्ती: आठ बर्खास्त और 12 निलंबित, हड़ताल छह सितम्बर तक बढ़ी
- दमकल कर्मी आज फरीदाबाद में मंत्री विपुल गोयल के आवास का करेंगे घेराव
चंडीगढ़, 02 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा में अग्निशमन विभाग के हड़ताली कर्मचारियों एवं सरकार के बीच विवाद गहरा हो गया है।कर्मचारियों ने जहां हड़ताल को छह सितंबर तक बढ़ाने का ऐलान करते हुए गुरुवार को शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल के फरीदाबाद आवास का घेराव करने का ऐलान किया है, वहीं सरकार ने देर रात कार्रवाई करते हुए हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र सिंह, महासचिव गुलशन भारद्वाज सहित आठ पे-रोल कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के आदेश जारी किए हैं। वहीं यूनियन के कोषाध्यक्ष एवं मुख्य अग्निशामक सुखदेव सिंह, मुख्य संगठनकर्ता एवं मुख्य अग्निशामक संतोष कुमार सहित 12 नियमित फायर कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।
कई स्थानों पर हड़ताली कर्मचारियों की गिरफ्तारी और मामले दर्ज किए जाने का भी दावा किया गया है। सरकार की कार्रवाई के विरोध में कर्मचारियों ने प्रदेशभर में प्रदर्शन किए और बर्खास्तगी व निलंबन आदेशों की प्रतियां जलाकर रोष जताया। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने भी कार्रवाई की निंदा करते हुए सरकार से दमनात्मक कदम वापस लेने तथा 13 मई के समझौते को लागू कर हड़ताल समाप्त कराने की मांग की।
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि बर्खास्तगी, निलंबन और मुकदमों से कर्मचारी आंदोलन नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि ठेका कर्मचारियों को नियमित करने, ठेका प्रथा समाप्त करने और समझौते में मानी गई अन्य मांगों के पत्र जारी होने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से नियमितीकरण को लेकर स्पष्ट नीति बनाने की मांग भी उठाई।
फायर यूनियन नेताओं राजेंद्र सिंह और गुलशन भारद्वाज ने कहा कि जिन कर्मचारियों ने जोखिम उठाकर जनता की जान-माल की सुरक्षा की, उनके साथ दमनात्मक रवैया अपनाया जा रहा है। उनका कहना है कि सरकार की कार्रवाई से संघर्ष कमजोर होने के बजाय और तेज होगा।
यूनियन नेताओं ने बताया कि सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर एक सितंबर से राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल के फरीदाबाद स्थित भाजपा कार्यालय पर पड़ाव डाला जा रहा है। अब 3 सितंबर को प्रदेशभर के फायर कर्मचारी फरीदाबाद पहुंचकर मंत्री कार्यालय का घेराव करेंगे। यूनियन ने नियमित व पे-रोल फायर कर्मचारियों, नगरपालिका कर्मचारियों और अन्य कर्मचारी संगठनों से घेराव में शामिल होने का आह्वान किया है। नेताओं ने दो टूक कहा कि 13 मई के समझौते में मानी गई मांगों के पत्र जारी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

