सोनीपत: पुरानी रंजिश में शराब कारोबारी के घर पर फायरिंग, मामला दर्ज
सोनीपत, 11 जून (हि.स.)। सोनीपत
जिले के गन्नौर क्षेत्र के गांव गुमड़ में पुरानी रंजिश को लेकर एक शराब कारोबारी के
घर के बाहर फायरिंग किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न
धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव
गुमड़ निवासी कुनाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने समालखा क्षेत्र में शराब
के ठेके ले रखे हैं। करीब एक वर्ष पहले गांव के संदीप ठेकेदार के साथ मिट्टी बेचने
का लेन-देन हुआ था। इसी दौरान गांव के मनोज ने उस पर आरोप लगाया था कि उसने उनके पैसों
से शराब के ठेके और वाहन खरीदे हैं। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया
था। इसी रंजिश के चलते पहले भी उस पर गोली चलाई गई थी, जिसके संबंध में हत्या के प्रयास
का मामला दर्ज है।
कुनाल
ने बताया कि करीब 20 दिन पहले गांव के मोहित के साथ मोबाइल फोन पर कहासुनी हुई थी।
बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। आरोप है कि समझौते के बावजूद आरोपियों
ने दोबारा हमला किया। 10 जून की आधी रात उसके मोबाइल पर फोन आया। आरोप है कि फोन पर
मोहित और उसके साथी गाली-गलौज करने लगे। करीब 10 मिनट बाद मोहित, मनोज, रवि, बच्ची,
काला तथा अन्य साथी कार में सवार होकर उसके घर पहुंच गए। उस समय कुनाल अपने परिजनों
के साथ मकान की छत पर बने कमरे में मौजूद था। आरोप है कि जैसे ही उसने खिड़की से नीचे
देखा तो मोहित ने पिस्तौल से फायर कर दिया। गोली खिड़की के शीशे में लगी और वह झुक
जाने के कारण बच गया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने उसकी ओर से फायरिंग की। फायरिंग में
मकान की खिड़की और उसकी आई-टेन कार का पिछला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना
मिलने पर गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से खाली कारतूसों के खोल बरामद
किए गए। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार
पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर
लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

