पानीपत: कपड़ा मिल में आग से इमारत ध्वस्त
पानीपत, 04 मई (हि.स.)। पानीपत में रविवार की देर रात रिसालू रोड स्थित लक्ष्य टेक्सटाइल मिल्स में भीषण आग लग गई। आंधी-तूफान के कारण हुए शॉर्ट सर्किट को आग का मुख्य कारण माना जा रहा है। फायर ब्रिगेड की तत्परता से मिल की कीमती मशीनों और कार्यालय को जलने से बचा लिया गया, लेकिन मिल की इमारत इस भीषण गर्मी को सहन नहीं कर पाने के कारण ध्वस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात पानीपत में तेज आंधी और तूफान चल रहा था। मिल प्रबंधन के मुताबिक, खराब मौसम की वजह से बिजली की वोल्टेज में भारी उतार-चढ़ाव हो रहा था। इसी दौरान मिल के भीतर शॉर्ट सर्किट हो गया। इंडस्ट्री में भारी मात्रा में धागा और कच्चा माल रखा होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही मिनटों में पूरी मिल आग की लपटों और काले धुएं के गुबार में समा गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीमें हरकत में आईं। फायरमैन अमित गोस्वामी ने बताया कि आग इतनी भयानक थी कि जिले के विभिन्न केंद्रों से गाड़ियां बुलानी पड़ी। करीब 50 फायर की गाड़ियों ने देर रात से सोमवार की सुबह तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश की। करीब 7 घंटे के की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह आग पर काबू पाया जा सका।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

