home page

पानीपत: चलती कार में लगी आग, बाल-बाल बचे मां-बेटा

 | 
पानीपत: चलती कार में लगी आग, बाल-बाल बचे मां-बेटा


पानीपत, 23 मार्च (हि.स.)।

पानीपत रोहतक स्टेट हाईवे स्थित डाहर टोल प्लाजा के पास एक चलती कार में आग लग गई। हादसे में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। कार चला रहा युवक और उनकी मां सुरक्षित बच गए।

पुलिस के अनुसार, गांव अहर निवासी नमन सोमवार शाम अपनी मां के साथ कार से पानीपत आ रहे थे। डाहर टोल प्लाजा से कुछ ही आगे निकलने पर नमन को कार में धुआं उठता दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी रोकी और अपनी मां को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद गाड़ी सड़क किनारे लगाई ही थी कि कुछ ही देर में आग तेजी से गाड़ी में फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। कुछ ही देर बाद पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई है। हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से जलने के बाद उसका सिर्फ ढांचा ही बचा है ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा