home page

जींद : क्लॉथ मार्केट में शॉर्ट सर्किट से दो दुकानों में लगी आग

 | 
जींद : क्लॉथ मार्केट में शॉर्ट सर्किट से दो दुकानों में लगी आग


जींद, 28 जुलाई (हि.स.)। जींद शहर के न्यू क्लॉथ मार्केट में सोमवार रात को शॉर्ट सर्किट से दो दुकानों में भीषण आग लग गई। आग से दुकानों में रखा कपड़ा और अन्य सामान पूरी तरह जल कर राख हो गया। प्रभावित दुकानें सदाबहार क्लॉथ हाउस और विजय बागड़ी टेलर की हैं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझने के बाद बाजार में बड़ी संख्या में दुकानदार इक्कठा हो गए। उन्होंने नुकसान का जायजा लिया और जिला प्रशासन तथा जींद के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा से आर्थिक मदद की मांग की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सदाबहार क्लॉथ हाउस और विजय बागड़ी टेलर की दुकान में सोमवार रात को अचानक से शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग इतनी तेजी से फैली की कुछ ही देर में दुकान का सारा सामान जल गया। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया । प्रभावित दुकानदार जगदीश दास और विजय बागड़ी ने बताया कि आग की इस घटना में उन्हें 25 से 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

मंगलवार को घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंंचे जींद जिला व्यापार मंडल के प्रधान महावीर ने जिला प्रशासन और डिप्टी स्पीकर से अपील की है कि आग से हुए नुकसान का उचित मुआवजा सरकार द्वारा दिया जाए। अचानक लगी आग से दोनों दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। दुकानों में रखा सारा कपड़ा और कीमती सामान पूरी तरह नष्ट हो चुका है। न्यू क्लॉथ मार्केट के प्रधान राजेश गोयल, सचिव राकेश गोयल, उपप्रधान रामचंद्र आदि ने कहा कि क्लॉथ मार्केट में सुरक्षा व्यवस्था और बिजली की नियमित जांच की जरूरत है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि प्रभावित दुकानदारों को तुरंत आर्थिक सहायता दी जाए और नुकसान का सही आंकलन कर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। महावीर कंप्यूटर ने दोहराया कि व्यापार मंडल प्रभावित दुकानदारों के साथ खड़ा है और प्रशासन से जल्द राहत की उम्मीद करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा