हिसार में साइबर फ्रॉड की हेल्पलाइन शिकायतों पर तुरंत दर्ज होगी एफआईआर
हिसार, 15 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत
जैन ने साइबर फ्रॉड मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए ऐसे मामलों में तुरंत एफआईआर दर्ज
करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि साइबर हेल्पलाइन 1930 या पोर्टल के माध्यम से
प्राप्त होने वाली धोखाधड़ी की शिकायतों पर बिना किसी देरी के तुरंत एफआईआर दर्ज की
जाए।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन बुधवार काे जिला पुलिस कार्यालय
स्थित कांफ्रेंस हॉल में साइबर अपराध की रोकथाम और लंबित शिकायतों की समीक्षा बारे
आयोजित बैठक में निर्देश दे रहे थे। उन्होंने साइबर अपराध की बढ़ती चुनौतियों पर चिंता
व्यक्त करते हुए जांच अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए और कहा कि जांच प्रक्रिया
में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में निर्देश दिए गए कि जैसे ही साइबर फ्रॉड
की सूचना मिले, तुरंत संबंधित बैंक नोडल अधिकारियों से संपर्क कर ठगी गई राशि को फ्रीज
करवाया जाए ताकि पीड़ित का पैसा वापस मिल सके। लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए एसपी ने अधिकारियों
को आदेश दिया कि डेटा विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग कर अपराधियों को जल्द
से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।
पुलिस अधीक्षक ने साइबर सेल को निर्देश दिए कि
शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों में तेजी लाई जाए,
ताकि नागरिक सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक हो सकें। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में साइबर
अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। हमारा उद्देश्य केवल अपराध दर्ज करना ही नहीं, बल्कि
त्वरित कार्रवाई के माध्यम से जनता के खोए हुए पैसे को वापस दिलाना और अपराधियों में
कानून का खौफ पैदा करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

