home page

यमुनानगर में जिम से निकलते ही फाइनेंसर की हत्या,बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

 | 
यमुनानगर में जिम से निकलते ही फाइनेंसर की हत्या,बदमाशों ने बरसाईं गोलियां


यमुनानगर, 03 सितंबर (हि.स.) यमुनानगर में गुरुवार सुबह मॉडल टाउन क्षेत्र में जिम से बाहर निकलते ही 60 वर्षीय फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल हरभजन सिंह को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रेम नगर निवासी हरभजन सिंह नियमित रूप से सुबह मॉडल टाउन स्थित जिम में व्यायाम करने जाते थे। परिवार के अनुसार उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा विदेश में रहता है, जबकि छोटा बेटा दिलबाग सिंह उनके साथ यमुनानगर में फाइनेंस का काम करता था।

पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह हरभजन सिंह जिम से निकलकर अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद दो बाइक सवार युवकों ने उन पर गोली चला दी। जान बचाने के लिए हरभजन सिंह कार की तरफ दौड़े। इस दौरान एक गोली कार के बोनट में भी लगी। हमलावरों ने उनका पीछा करते हुए कार के पास पहुंचकर दोबारा फायरिंग की। गोली लगने से हरभजन सिंह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल समेत पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार