home page

दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर अवैध ढाबों पर फिर चला प्रशासन का बुलडोजर

 | 
दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर अवैध ढाबों पर फिर चला प्रशासन का बुलडोजर


नूंह, 29 सितंबर (हि.स.)। नूंह जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे के किनारे संचालित किए जा रहे अवैध ढाबों और होटलों के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार को एक बार फिर कार्रवाई की। फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र में एसडीएम फिरोजपुर झिरका के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध रूप से बनाए गए अस्थाई ढांचों को ध्वस्त किया गया।

कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट, पुलिस बल तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार एक्सप्रेसवे के दोनों ओर तथा आसपास के खेतों में बनाए गए अवैध ढाबों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान ढाबों से कुर्सियां, गैस चूल्हे, गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान भी जब्त किया गया।

पुलिस के मुताबिक एक्सप्रेसवे के किनारे संचालित इन अवैध ढाबों के कारण वाहनों की अवैध पार्किंग बढ़ रही थी। इससे एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ सड़क हादसों का खतरा भी बना रहता था। प्रशासन की ओर से पहले भी इन अवैध ढाबों को हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा दोबारा अस्थाई ढांचे खड़े कर ढाबे शुरू कर दिए गए थे।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से दोबारा अवैध ढाबे संचालित किए जाने की जानकारी प्रशासन को मिल रही थी। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को हटाया। एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसों की रोकथाम के लिए अवैध ढाबों और उनसे होने वाली अवैध पार्किंग को हटाने के संबंध में प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए हैं। इसी के तहत एसडीएम द्वारा नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह अभियान चलाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया