home page

फरीदाबाद अस्पताल की पार्किंग में डिलीवरी पर एनएचएम कर्मी बर्खास्त

 | 

चंडीगढ़, 21 मई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने फरीदाबाद के सरकारी अस्पताल की पार्किंग में डिलीवरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक एनएचएम कर्मचारी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। फरीदाबाद के सिविल सर्जन ने राज्य सरकार के निर्देश पर गुरुवार को यह आदेश जारी किए हैं। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग ने मामले में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स राखी को भी निलंबित किया था। विभागीय जांच में प्राथमिक तौर पर अस्पताल स्टाफ की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया।

कुछ दिन पहले फरीदाबाद के सरकारी अस्पताल की पार्किंग में एक गर्भवती महिला की डिलीवरी टॉर्च की रोशनी में करवाई गई थी। मामले ने तूल पकडऩे के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश दिए थे। जांच में ड्यूटी स्टाफ की कार्यप्रणाली और मरीज को समय पर उचित सुविधा उपलब्ध नहीं कराने को गंभीर चूक माना गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा और उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग ने संकेत दिए हैं कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे भी अन्य कर्मचारियों पर कार्रवाई हो सकती है।

मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारी जीडीए सुखवीर को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। सुखवीर फरीदाबाद के सेक्टर-3 में तैनात था। इस संबंध में सिविल सर्जन फरीदाबाद ने बर्खास्तगी के आदेश जारी कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा