फरीदाबाद : गांव में विकास कार्य न होने से नाराज महिलाओं ने किया प्रदर्शन
फरीदाबाद, 08 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद के बडख़ल गांव में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रविवार को गांव में विकास कार्य ना होने से नाराज महिलाओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिलाओं ने गांव में सडक़ों, नालियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी जताते हुए जल्द विकास कार्य कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। गांव की निवासी रुचि मुंजाल, प्रदेश महिला कांग्रेस की सचिव हेमलता शर्मा और तौफीक बढख़लिया समेत अन्य महिलाओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद भी बडख़ल गांव में आज तक विकास की एक ईंट तक नहीं लगाई गई है। उनका कहना है कि वर्ष 2014 से लेकर 2026 तक गांव में कोई बड़ा विकास कार्य नहीं हुआ है, जिसके कारण गांव के हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। महिलाओं ने बताया कि गांव की सडक़ों की हालत बेहद खराब है और कई जगह नालियां टूटी हुई पड़ी हैं। गांव में आने-जाने के लिए उचित रास्ते नहीं हैं और थोड़ी सी बारिश होने पर जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने बडख़ल विधानसभा की पूर्व विधायक एवं मंत्री सीमा त्रिखा और वर्तमान विधायक धनेश अदलखा के खिलाफ भी नाराजगी जाहिर की। महिलाओं का आरोप है कि चुनाव के समय नेता गांव में आकर बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद गांव के विकास की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि पिछले करीब 12 वर्षों से बडख़ल गांव विकास से वंचित है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि गांव में जल्द से जल्द सडक़, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य शुरू किए जाएं, ताकि गांव के लोगों को राहत मिल सके। साथ ही महिलाओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द विकास कार्य शुरू नहीं किए गए तो ग्रामीण आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

