home page

फरीदाबाद : सडक़ हादसे में महिला की मौत, बेटों ने कराया अंगदान

 | 
फरीदाबाद : सडक़ हादसे में महिला की मौत, बेटों ने कराया अंगदान


फरीदाबाद, 29 अक्टूबर(हि.स.)। फरीदाबाद में सडक़ हादसे में हुई महिला की मौत के बाद उनकी यादों को जिंदा रखने के लिए बेटों ने मां का अंगदान करने का फैसला कर इंसानियत की एक नई मिसाल पेश कर दी। सडक़ हादसे में जान गंवाने वाली मीरा देवी के बेटों ने उनके अंगदान की इच्छा जताई, ताकि उनकी मां के जाने के बाद भी दूसरे लोगों की जिंदगी में उम्मीद की किरण बाकी रहे। बेटों के इस फैसले से मीरा देवी भले ही इस दुनिया से विदा हो गईं, लेकिन उनके अंग जरूरतमंदों को नया जीवन देने का माध्यम बनेंगे। मीरा देवी के बेटे शुभम ने बताया कि 16 अक्टूबर को हुए सडक़ हादसे में उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार को उम्मीद थी कि इलाज के बाद मां स्वस्थ होकर घर लौट आएगी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। 24 अक्टूबर को घर पर उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए फरीदाबाद के बादशाह खान नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मां की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां को खोने के गहरे सदमे के बीच शुभम और परिवार के अन्य सदस्यों ने ऐसा निर्णय लिया, जो दूसरों के लिए प्रेरणा बन गया। उन्होंने परिवार की सहमति से मीरा देवी के अंगदान की इच्छा जताई। परिवार का उद्देश्य था कि उनकी मां के अंग किसी जरूरतमंद के काम आ सकें और किसी दूसरे परिवार को अपनों के साथ जीने का एक और मौका मिल सके। परिवार की इच्छा की जानकारी मिलते ही फरीदाबाद के सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने दिल्ली स्थित एम्स की विशेष मेडिकल टीम से संपर्क किया। इसके बाद एम्स की टीम फरीदाबाद पहुंची और आवश्यक चिकित्सीय प्रक्रिया पूरी करते हुए अंगदान की कार्रवाई संपन्न की।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर