फरीदाबाद : कोर्ट में देसी पिस्तौल लेकर पहुंचे दो छात्र गिरफ्तार, बेचने वाले की तलाश
फरीदाबाद, 19 सितंबर (हि.स.)। सोहना रोड स्थित एक निजी कॉलेज में गर्लफ्रेंड को लेकर हुए विवाद के बाद एक छात्र ने देसी कट्टा खरीद लिया। कट्टा खरीदने के बाद उसने इसे अपने दोस्त अभिषेक खटाना को दे दिया। अभिषेक शुक्रवार को अपने भाई के साथ सेक्टर-12 स्थित जिला अदालत पहुंचा। कोर्ट के गेट पर पुलिस की चेकिंग के दौरान उसके बैग से देसी कट्टा बरामद हो गया। पुलिस ने अभिषेक और उसके दोस्त वंश राठी को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस हथियार बेचने वाले युवक की तलाश कर रही है। सेंट्रल थाना पुलिस के जांच अधिकारी नवेद ने शनिवार को बताया कि नंगला पर्वतिया कॉलोनी निवासी वंश राठी सोहना रोड, पाली स्थित निजी कॉलेज में बीबीए तृतीय वर्ष का छात्र है। कॉलेज में एक लडक़ी को लेकर उसका एक युवक से विवाद हो गया था। इसी मामले को लेकर करीब तीन दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के बाद वंश राठी ने पृथला निवासी मनीष नाम के युवक से देसी कट्टा खरीदा। इसके बाद उसने कट्टा अपने दोस्त अभिषेक खटाना को दे दिया। अभिषेक खटाना गुरुग्राम के गांव लाला खेड़ली का रहने वाला है और एमबीए का छात्र है। शुक्रवार को वह अपने भाई के साथ जिला अदालत पहुंचा था। उसके पास एक बैग था। कोर्ट के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच के दौरान मेटल डिटेक्टर से बैग में संदिग्ध सामान होने का पता चला। पुलिसकर्मियों ने बैग की तलाशी ली तो उसमें से देसी कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद अभिषेक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने वंश राठी को भी गिरफ्तार कर लिया। जिस समय अभिषेक कोर्ट परिसर में पहुंचा, उस दौरान नव-निर्वाचित बार काउंसिल के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह चल रहा था। समारोह के चलते कोर्ट परिसर में वकीलों और अन्य लोगों की भीड़ थी। इसी दौरान हथियार के साथ युवक के पकड़े जाने से कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सेंट्रल थाना में मामला दर्ज किया है। अब पुलिस उस युवक की तलाश कर रही है, जिसने वंश राठी को देसी कट्टा बेचा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कट्टा किस मकसद से खरीदा गया था और इसे लेकर दोनों आरोपियों की क्या योजना थी। मामले में क्राइम ब्रांच की टीम भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

