home page

फरीदाबाद में पांच एकड़ मे बनेगा वॉटर बूस्टर स्टेशन, दूर होगी पानी की किल्लत

 | 

फरीदाबाद, 22 मई (हि.स.)। एनआईटी विधानसभा में पानी के समान बंटवारा ना होने की शिकायत सीएम सैनी के सामने रखने के बाद अब पानी की किल्लत को दूर करने की कवायद फरीदाबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी ने शुरू कर दी है। पानी की कमी को दूर करने के लिए करीब 250 करोड़ रुपए की लागत से बाजड़ी गांव में पांच एकड़ जमीन पर एक बड़ा वॉटर बूस्टर स्टेशन तैयार किया जाएगा। इस परियोजना के तहत मंझावली रेनीवेल से सीधे बाजड़ी तक नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे इलाके में पानी की सप्लाई मजबूत हो सके। एनआईटी विधायक सतीश फागना ने हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर क्षेत्र में गंभीर पेयजल संकट का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि एनआईटी में जरूरत के मुकाबले बेहद कम पानी पहुंच रहा है और पानी वितरण में संतुलन नहीं रखा जा रहा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने एफएमडीए और नगर निगम अधिकारियों को समान रूप से पानी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। विधायक सतीश फागना ने बताया कि, एनआईटी विधानसभा में करीब पांच लाख की आबादी रहती है, जहां प्रतिदिन लगभग 60 एमएलडी पानी की आवश्यकता है, लेकिन वर्तमान में करीब 30 एमएलडी पानी ही उपलब्ध हो पा रहा है। पानी की कमी को पूरा करने के लिए लगाए गए करीब 150 ट्यूबवेल भी अब ज्यादा असरदार साबित नहीं हो रहे, क्योंकि कई ट्यूबवेल सूख चुके हैं। बता दें कि, जिला निगरानी समिति की बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने भी एनआईटी क्षेत्र में पानी की कम सप्लाई पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया था कि आखिर एनआईटी क्षेत्र के साथ अलग व्यवहार क्यों किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने पानी की बर्बादी रोकने के लिए इलाके में चल रहे वॉशिंग सेंटरों पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए थे। विधायक सतीश फागना का कहना है कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पानी आपूर्ति बढ़ाने और बाजड़ी बूस्टर परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। वहीं एफएमडीए के मुख्य अभियंता विशाल बंसल के अनुसार, प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल चुकी है और बूस्टर निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर