home page

फरीदाबाद: पार्षद को अपशब्द कहने पर इंजीनियर का तबादला,मांगी माफी

 | 
फरीदाबाद: पार्षद को अपशब्द कहने पर इंजीनियर का तबादला,मांगी माफी


फरीदाबाद, 30 अगस्त (हि.स.)। फरीदाबाद में प्रवासी समाज से संबंध रखने वाले पार्षद को अपशब्द कहने के मामले में अधीक्षण अभियंता ने रविवार को वीडियो जारी करके माफी मांग ली। रविवार शाम को ही इस मामले में पूर्वांचल समाज के लोगों ने पंचायत रखी थी। अधीक्षण अभियंता ओमबीर सिंह ने माफी मांगते हुए कहा कि वह अपने शब्दों से किसी को आहत नहीं करना चाहते थे। हालांकि, वह इस बात को भी कहते रहे कि उनको इस ऑडियो को लेकर कोई जानकारी नहीं है। उनको याद भी नहीं है कि यह बात उन्होंने किससे की। इस मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। वहीं, प्रदेश सरकार की ओर से मामले में कार्रवाई करते हुए अधीक्षण अभियंता का ट्रांसफर यमुनानगर कर दिया गया। छट्टी वाले दिन भी सरकार ने ऑर्डर जारी किए। बता दें कि अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह का एक ऑडियो प्रसारित हुआ था। जिसमें वह एक पूर्व पार्षद से बात करते हुए प्रवासी समाज से संबंध रखने वाले एक अन्य पार्षद को अपशब्द कह रहे हैं। जो एक प्रवासी समाज से संबंध रखता है। वहीं, यह ऑडियो वायरल होने के बाद पूर्वांचल समाज के लोगों ने पूर्व विधायक नीरज शर्मा के नेतृत्व में मोर्चा खोल दिया। इसके लिए शहरी स्थानीय निकाय मंत्री को भी ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई। अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी प्रवासी समाज के लोगों ने अधीक्षण अभियंता के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। लोगों का रोष इतना बढ़ गया कि सरकार को कार्रवाई करते हुए अधिकारी को यहां से हटाना पड़ा। अधीक्षण अभियंता की नगर निगम में हनक का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 37 साल में इनका फरीदाबाद से बाहर ट्रांसफर नहीं हुआ। 1995 में जेई के तौर पर नगर निगम में नियुक्त हुए। यहीं पर कार्यकारी अभियंता का प्रमोशन लिया। अब करीब तीन साल से अधीक्षण अभियंता के पद पर काबिज थे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर