home page

फरीदाबाद : ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

 | 
फरीदाबाद : ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार


फरीदाबाद, 16 अप्रैल (हि.स.)। फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के नाम पर चार करोड़ की ठगी के एक मामले में गुरुवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान पानीपत निवासी शुभम व नरेला, दिल्ली निवासी कमल कांत के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर 15 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में दी अपनी शिकायत में बताया कि 21 अक्टूबर 2025 को उसकी डैन रोबिन नाम के एक व्यक्ति से फोन पर बातचीत हुई, जिसने उसे ऑनलाइन ट्रेडिंग अकाउंट आरएफएक्स मार्केट के माध्यम से निवेश करने का झांसा दिया। फिर कथित व्यक्ति द्वारा शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के लिये शिकायतकर्ता के चार अकाउंट खोले गये। जिनके माध्यम से शिकायतकर्ता ने विभिन्न ट्रांजेक्शन के जरिये शेयर मार्केट में कुल चार करोड़ रुपये निवेश किये परंतु उसे कोई पैसा वापस नहीं मिला। जिस संबंध में साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपित पानीपत में एक्सिस बैंक में कार्यरत हैं। जिन्होंने खाताधारक मोनू व सागर के बैंक खाते खुलवाए थे, जिनमें ठगी के 10-10 लाख रुपये आये थे। आरोपियों को आज अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर