home page

फरीदाबाद : टोल पर तैनात कर्मचारी अचानक मुंह के बल गिरा, हुई मौत

 | 
फरीदाबाद : टोल पर तैनात कर्मचारी अचानक मुंह के बल गिरा, हुई मौत


फरीदाबाद, 06 सितंबर (हि.स.)। फरीदाबाद में गुरुग्राम रोड स्थित बंधवाड़ी टोल प्लाजा पर तैनात एक कर्मचारी अचानक खडे़-खड़े मुंह के बल गिरकर मर गया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो जिसमें एक कर्मचारी अचानक बैरियर के पास मुंह के बल जा गिरा। वह करीब 25 सेकेंड तक जमीन पर पड़ा तड़पता रहा। इसके बाद वह अचेत हो गया। तभी दूसरा कर्मचारी दौडक़र उसके पास पहुंचा और उसे संभाला। कुछ ही देर में दूसरे कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। यह घटना एक सितंबर की बताई जा रही है। जिसके बारे में अब जानकारी सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि कार चालक ने मृतक राजेंद्र को टक्कर मारी, जिसके बाद उसके सिर पर चोट लगी और दस मिनट बाद उसकी मौत हो गई, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। दरअसल मृतक के परिजनों का आरोप है कि राजेंद्र टोल की इमरजेंसी लाइन पर तैनात था। वहां एक वैगनआर कार ने पीछे हटते समय उसे टक्कर मार दी। इससे उसका सिर सडक़ से जा टकराया। आरोप है कि कार चालक ने राजेंद्र के एक सहयोगी को इलाज के नाम पर एक हजार रुपए दिए और मौके से फरार हो गया। इसके करीब 10 मिनट बाद राजेंद्र बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजनों का आरोप है कि टोल प्रबंधन ने एंबुलेंस से राजेंद्र को अस्पताल नहीं पहुंचाया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, ग्वाल पहाड़ी पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, टोल पर कार से टक्कर मारने का कोई सबूत नहीं मिला, इसलिए इत्तेफाकिया कार्रवाई करते हुए शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। मूल रूप से यूपी के अलीगढ़ का रहने वाला राजेंद्र (36) पिछले करीब 13 साल से फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर बने बंधवाड़ी टोल पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था। वह गांव बंधवाड़ी में अपनी बहन के घर पर ही रहता था। उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ी 10 साल की बेटी, 8 साल का बेटा और सबसे छोटा 5 साल का बेटा है। करीब 5 साल पहले उसका पत्नी से तलाक हो चुका था। वह अकेले ही बच्चों का पालन-पोषण कर रहा था। गुरुग्राम पुलिस की ग्वाल पहाड़ी चौकी के इंचार्ज नरबीर के मुताबिक, पुलिस मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर