फरीदाबाद : तीन वाहन चोर गैंग का भंड़ाफोड़, छह सदस्य गिरफ्तार
फरीदाबाद, 14 मई (हि.स.)। फरीदाबाद, गुरुग्राम और दिल्ली क्षेत्र में सक्रिय होकर हाथ से बनाई गई ‘मास्टर चाबी’ की सहायता से बाइक के लॉक तोडक़र चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन अलग-अलग वाहन चोर गैंग को पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों से नौ चोरी के वाहन भी बरामद किए है। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि क्राइम ब्रांच एवीटीएस-2 भूपानी की टीम ने कार्रवाई करते हुए ‘हाकम गैंग’ के तीन सदस्य हाकम, शोएब तथा सोहिल निवासी गांव लहरवाड़ी, जिला नूंह को गिरफ्तार किया। जिनसे पांच स्प्लेंडर बाइक एवं एक टीवीएस स्पोर्ट बाइक बरामद की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित फरीदाबाद के विभिन्न क्षेत्रों से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। दूसरी वाहन चोर गैंग के सदस्य डेविड उर्फ शिवा निवासी मदनगीर नई दिल्ली को गिरफ्तार किया। आरोपी से पुलिस रिमांड के दौरान एक स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई। वहीं तीसरी गैंग सदस्य नरेश निवासी गांव अमीपुर तथा गौरव निवासी गांव बुढैना सेक्टर-86 फरीदाबाद को गांव नचौली रेलवे पुल के नीचे से गिरफ्तार किया। जिनसे चोरी की दो स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि सभी आरोपी पूर्व में भी वाहन चोरी के कई मामलों में संलिप्त रहे हैं। तीनों गैंग के सदस्य फरीदाबाद, गुरुग्राम और दिल्ली क्षेत्र में सक्रिय होकर हाथ से बनाई गई मास्टर चाबी की सहायता से बाइक के लॉक तोडक़र चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। क्राइम ब्रांच एवीटीएस-2 भूपानी की टीम ने कार्रवाई कर नौ चोरीशुदा बाइक बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। फरीदाबाद पुलिस द्वारा वाहन चोरी पर रोक लगाने के लिए मेवात सहित अन्य क्षेत्रों में लगातार रेड एवं दबिश दी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

