फरीदाबाद : टेलीग्राम टास्क देकर ठगी करने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 28 फरवरी (हि.स.)। फरीदाबाद पुलिस की एनआईटी की टीम ने टेलीग्राम के माध्यम से टास्क देकर ठगी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खाताधारक राजस्थान निवासी नरवेल सिंह तथा खाता उपलब्ध करवाने वाले इश्विन्द्र सिंह और हरवंश सिंह के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि एनआईटी-3 फरीदाबाद निवासी एक महिला ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी थी कि उसके मोबाइल फोन पर पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर एक मैसेज आया। इसके बाद आरोपियों ने उससे व्यक्तिगत जानकारी प्राप्त की और टेलिग्राम के माध्यम से एक लिंक भेजकर उसे विभिन्न पेड टास्क दिए। टास्क पूरा करने के नाम पर उससे अलग-अलग खातों में कुल 73 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए, लेकिन उसे कोई भुगतान वापस नहीं किया गया। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हरवंश सिंह, इश्विन्द्र सिंह का मामा है। हरवंश ने अपने साथी नरवेल सिंह का बैंक खाता लेकर अपने भांजे इश्विन्द्र को दिया, जिसने यह खाता आगे ठगों को उपलब्ध करवा दिया। नरवेल सिंह के खाते में ठगी के 30 हजार रुपये प्राप्त हुए थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आज अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

