फरीदाबाद : छह हत्याओं के दाेषी साइको किलर को उम्रकैद
तीन साल बाद ट्रायल कोर्ट का फैसला
फरीदाबाद, 21 जनवरी (हि.स.)। फरीदाबाद में तीन नाबालिग लड़कियों समेत छह हत्याएं करने वाले साइको किलर सिंह राज को कोर्ट ने बुधवार को उम्रकैद की सजा सुनाई है। इसके साथ ही आरोपी पर एक लाख रुपए का जुर्माना भी लगा है। सिंह ने सभी को गला घोंटकर मौत के घाट उतारा था। फिर लाश को बोरे में डालकर आगरा नहर में फेंक दिया गया। साइको किलर सिंह राज सभी लड़कियों के परिवार से पहले जान-पहचान बनाता था। फिर मौका मिलते ही छेडख़ानी करता। वह छोटी बच्चियों को अपना निशाना बनाता था। मरने वाली सभी लड़कियां गरीब परिवार से संबंध रखती थीं। सिंह राज जसाना गांव का रहने वाला है। वह सेक्टर 16 स्थित एक निजी अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड था। गांव में उसके परिवार में कोई नहीं है। उसके कुनबे के लोग उससे कोई रिश्ता नहीं रखते। उसने पहली बार 1987 में अपने चाचा और चचेरे भाई की गला घोंटकर हत्या की थी। पुलिस ने इसको गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन कोर्ट में सबूत के अभाव में उसको बरी कर दिया गया। युवती की हत्या केस में दोषी ठहराए गए सिंह राज को कोर्ट ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई। इस मामले में फैसला करीब 3 साल बाद आया है। एडिशनल सेशन जज पुरुषोत्तम कुमार की कोर्ट ने आरोपी को आईपीसी की धारा 302 और 364 के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई। एक पीडि़ता अनुसूचित जाति से संबंधित होने के कारण आरोपी को एससी/एसटी एक्ट के तहत भी उम्रकैद की सजा दी गई है। एडवोकेट संतोष भारद्वाज ने बताया कि इस केस का ट्रायल करीब 3 साल तक चला। कोर्ट में 26 गवाह पेश किए गए। इस केस में मर्डर का कोई डायरेक्ट सबूत नहीं था, लेकिन कॉल डिटेल रिकॉर्ड और टेक्निकल सबूतों के आधार पर कोर्ट ने आरोपी को दोषी ठहराया। पुलिस के मुताबिक जब सिंह राज को भूपानी की रहने वाली लडक़ी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया, तो उससे पूछताछ के दौरान पुराने मामलों की जानकारी मिली। पुलिस की पूछताछ में उसने तीन नाबालिग लडक़ी और चाचा व चचेरे भाई की हत्या की बात को कबूल लिया। पुलिस को जांच में ये भी पता चला कि सभी की हत्या एक ही तरीके से की गईं। जिससे पुलिस ने माना कि यह एक साइको किलर है। पुलिस के मुताबिक अप्रैल 2019 में सिंह राज ने एक 12 साल की लडक़ी को अपना शिकार बनाया। जून 2021 में सिंह राज ने एक 16 साल की महिला सफाई कर्मचारी को अस्पताल के अंदर गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। अगस्त 2021 में सिंह राज ने अस्पताल के पास चाय की टपरी लगाने वाली की 12 साल लड़की को गला घोंट कर मार दिया। दो जनवरी 2022 को ओल्ड फरीदाबाद थाने में भूपानी की रहने वाली युवती की गुमशुदगी का मामला दर्ज हुआ था।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

