फरीदाबाद : हर घर तक सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा पहुंचाना प्रधानमंत्री का लक्ष्य : गुर्जर
केंद्रीय मंत्री के ऑफिस पर जागरूकता कैंप, पीएम सूर्य घर बिजली योजना की जानकारी दीफरीदाबाद, 08 मार्च (हि.स.)। सेक्टर 28 स्थित केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर के कार्यालय पर रविवार को सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री और अधिकारियों ने लोगों को योजना की विस्तार से जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि इस योजना के तहत आम नागरिक अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर बिजली की बचत कर सकते हैं और सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि देश के हर घर तक सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा पहुंचे। मंत्री ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत देश के एक करोड़ गरीब परिवारों को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया था। इनमें से 72 लाख लोग पहले ही इस योजना का लाभ उठा चुके हैं, जबकि बाकी 28 लाख लोगों तक योजना पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पहले आओ- पहले पाओ के आधार पर इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि जिन घरों में सोलर पैनल लगेंगे और उनकी बिजली खपत कम होगी, तो बची हुई बिजली सरकार खरीदेगी। इसके लिए करीब 3.25 रुपए प्रति यूनिट के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह लोगों को बिजली बचत के साथ-साथ अतिरिक्त आय भी मिल सकेगी। केंद्रीय मंत्री ने विश्वास जताया कि हरियाणा इस योजना के क्रियान्वयन में देश में सबसे आगे निकल सकता है, लेकिन इसके लिए जनता की भागीदारी जरूरी है। वहीं, अधिकारियों ने भी लोगों से सौर ऊर्जा अपनाने की अपील करते हुए कहा कि यह पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी फायदेमंद है। कार्यक्रम में डीएचबीवीएन (दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम) के एसई जितेंद्र ढुल, कई एसडीओ और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने योजना में रुचि दिखाई और इसे क्षेत्र में व्यापक स्तर पर लागू करने पर जोर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

