home page

फरीदाबाद : बेइज्जती से आहत दुकानदार ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

 | 
फरीदाबाद : बेइज्जती से आहत दुकानदार ने फांसी लगाकर की आत्महत्या


फरीदाबाद, 04 अप्रैल (हि.स.)। बल्लभगढ़ मेन बाजार में एक दुकानदार ने कथित बेइज्जती से आहत होकर रविवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 43 वर्षीय रविंद्र कुमार मित्तल के रूप में हुई है। वे चप्पल-जूते की दुकान चलाते थे। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें दुकानदार ने अपनी मौत के लिए अपने एक जानकार को जिम्मेदार ठहराया है। पंजाबी वाड़ा के रहने वाले पीयूष ने बताया कि शनिवार रात उनके पिता रविंद्र कुमार मित्तल दुकान बंद कर जागरण में जाने के लिए निकले थे। तभी कमेटी डालने का काम करने वाले प्रवीन बंसल दुकान के पास आ गए और कमेटी के पैसों को लेकर उनके पिता से बीच बाजार में गाली-गलौज करने लगे। पीयूष के अनुसार, उनके पिता बार-बार समझाते रहे कि बाजार में तमाशा न करें और बात को शांति से सुलझा लिया जाएगा, लेकिन प्रवीन बंसल नहीं माने और कथित तौर पर बीच बाजार में उन्हें अपमानित करते रहे। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि वह अगले दिन सुबह फिर दुकान पर आएंगे और सबके सामने दोबारा बेइज्जती करेंगे। बताया गया कि इस घटना से रविंद्र कुमार मित्तल बेहद आहत हो गए। वह जागरण में जाने के बजाय सीधे घर लौट आए। परिजनों के अनुसार, रविवार को वो बिना बताए घर से निकल गए। जब वह काफी देर तक नहीं लौटे तो परिवार ने तलाश शुरू की। दोपहर को वह जब पुराने मकान पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि रविंद्र कुमार रस्सी के सहारे फांसी पर लटके हुए थे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से सुसाइड नोट मिला, जिसमें उन्होंने शनिवार को बाजार में हुई घटना का जिक्र करते हुए, अपनी मौत के लिए परवीन बंसल को जिम्मेदार बताया। पीयूष का आरोप है कि उनके पिता की मौत के लिए परवीन बंसल जिम्मेदार हैं। उनका कहना है कि बीच बाजार में उनके पिता के साथ गाली-गलौज कर उन्हें अपमानित किया गया, जिसकी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। अग्रसेन चौकी प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि पुलिस को आत्महत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया। परिजनों की शिकायत और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर