फरीदाबाद : दुकान का विवाद बना खूनी संघर्ष, गोलीबारी और तोडफ़ोड़ से लोगों में दहशत
विधायक ने किया घटनास्थल का दौरा लोगों को दिलाया आरोपियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
फरीदाबाद, 25 सितंबर (हि.स.)। फरीदाबाद में संजय कॉलोनी सेक्टर-23 में दुकान के बाहर स्टैंड बोर्ड और अन्य सामान रखने को लेकर गुरुवार रात दो पक्ष आमने-सामने हाे गए। कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दुकानदार पक्ष ने कथित तौर पर 40-45 लोगों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि बड़ी संख्या में लोग गली में पहुंचे और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान गोलियां चलने से इलाके में अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने एक मकान के गेट और बाहर खड़ी तीन कारों के शीशे लाठी-डंडों से तोड़ दिए। मकान की तरफ ईंट-पत्थर भी फेंके गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों में दुबक गए। घटना की सूचना मिलते ही मुजेसर थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। मामले की सूचना मिलते ही शुक्रवार को एनआईटी से भाजपा विधायक सतीश फागना ने मौके पर जाकर मुआयना किया और लोगों को विश्वास दिलाया कि उन्हें न्याय मिलेगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी क्योंकि किसी को भी कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गली में कुछ समय पहले ही एक नई दुकान खुली है। बृहस्पतिवार रात दुकानदार दुकान के बाहर स्टैंड बोर्ड और अन्य सामान रख रहा था। गली में सामान रखने को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के बाद दुकानदार ने अपने परिचितों को मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग गली में पहुंच गए और विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के बीच पथराव और तोडफ़ोड़ भी की गई। तीन कारों के शीशे टूटने के साथ मकान के गेट को भी नुकसान पहुंचा। हालांकि, गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि विवाद में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। मुजेसर थाना प्रभारी पूरण सिंह ने बताया कि रात करीब नौ बजे गोली चलने की सूचना मिली थी। दुकान के बाहर स्टैंड लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद फायरिंग की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

