home page

फरीदाबाद : जलभराव पर एसडीएम कोर्ट ने इंजीनियरों को किया तलब

 | 

फरीदाबाद, 15 जुलाई (हि.स.)। कैलगांव और खंदावली के खेतों में सिंचाई विभाग के रजवाहे से होने वाले जलभराव को लेकर चार विभाग के कार्यकारी अभियंताओं को एसडीएम कोर्ट ने नोटिस भेजे हैं। एसडीएम की कोर्ट ने नोटिस सीआरपीसी की धारा 131 और बीएनएस की धारा 151 के तहत भेजे हैं। इन विभागों में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम, सिंचाई विभाग, एचएसआइआइडीसी और नगर निगम के कार्यकारी अभियंता शामिल हैं। इन विभागों की लापरवाही के चलते यहां पर जलभराव होने के कारण बिजली का करंट लगने के कारण किसी की जान माल का नुकसान हो सकता है। चारों विभाग की लापरवाही के चलते यहां पर आम लोगों की जान और पशुओं के लिए खतरा बना हुआ है। चारों विभागों के कार्यकारी अभियंताओं को कोर्ट ने शुक्रवार को पेश होने के आदेश दिए हैं। कोर्ट इन अभियंताओं से पूछताछ करेगी कि इस वायलेशन के लिए कौन सा विभाग जिम्मेवार है। गौरतलब है कि मानसून की बरसातें शुरु हो गई है और हर बार उक्त गांवों के रजवाहों में जलभराव हो जाता है, जिससे हादसे होने का डर बना रहता है, इसको लेकर एसडीम कोर्ट ने इंजीनियरों को नोटिस जारी किए है और वास्तु स्थिति की रिपोर्ट मांगी है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर