फरीदाबाद : ससुर की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने वाला दामाद गिरफ्तार
फरीदाबाद, 09 मार्च (हि.स.)। ससुर की कुल्हाडी मारकर हत्या करने के मामले में क्राईम ब्रांच सेक्टर 65 की टीम ने आरोपित दामाद को सोमवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार बिट्टू निवासी गांव छांयसा ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि 5 मार्च को उसके पिता गुलाब सिंह उसकी बहन को लेने के लिए गांव छांयसा स्थित उसकी बहन के घर पर गये थे। जब उसके पिता उसकी बहन को लेकर चले तो जीजा प्रमजीत ने कुल्हाडी से उसके पिता गुलाब सिंह पर हमला कर दिया। शिकायत पर थाना छांयसा में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। उन्होंने आगे बताया कि 7 मार्च को इलाज के दौरान गुलाब सिंह की मृत्यु हो गई। जिस पर हत्या की धारा जोड़ी गई तथा मामले की कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर 65 को सौंपी गई। अपराध शाखा की टीम ने आरोपित दामाद प्रमजीत(36) को उसके गांव छांयसा से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि 5 मार्च को आरोपी का ससुर गुलाब सिंह उसके घर पर अपनी बेटी को लेने के लिये आया था। आरोपी ने घर ले जाने के लिये मना कर दिया, जिसको लेकर कहासुनी हो गई और आरोपित ने कुल्हाडी से अपने ससुर पर हमला कर दिया। आरोपित को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

