home page

नगर निगम को मिलेंगी ग्रेटर फरीदाबाद की प्लॉटेड कॉलोनियां

 | 
नगर निगम को मिलेंगी ग्रेटर फरीदाबाद की प्लॉटेड कॉलोनियां


आरडब्ल्यूए एवं निगम अधिकारियों के साथ हुई सकारात्मक बैठक

फरीदाबाद, 22 जुलाई (हि.स.)। ग्रेटर फरीदाबाद स्थित सेक्टर-75 से 89 की प्लॉटेड कॉलोनियों को नगर निगम के अधीन हैंडओवर किए जाने की प्रक्रिया को लेकर संयुक्त आयुक्त (जीएफ) अमित मान ने बुधवार को बीपीटीपी रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशनों, संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा अन्य हितधारकों के साथ बैठक की। बैठक में सेक्टरवासियों द्वारा क्षेत्र में मूलभूत नागरिक सुविधाओं एवं अन्य समस्याओं से संबंधित विभिन्न विषय उठाए गए। संयुक्त आयुक्त अमित मान ने सभी पक्षों की बात गंभीरता से सुनी तथा आश्वस्त किया कि नगर निगम आमजन के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी पहलुओं पर नियमानुसार कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-75 से 89 की प्लॉटेड कॉलोनियों को नियमानुसार हैंडओवर करने की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रहा है। इस संबंध में संबंधित विभागों, डेवलपर्स एवं आरडब्ल्यूए के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा किया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। जॉइंट कमिश्नर ने कहा कि जो भी कॉलोनियां निर्धारित मानकों एवं नियमानुसार हैंडओवर के लिए पात्र होंगी, उन्हें प्रक्रिया के अनुरूप नगर निगम के अधीन लेने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि आपसी समन्वय से इस प्रक्रिया को शीघ्र और प्रभावी ढंग से पूरा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर