फरीदाबाद : सडक़ हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत
फरीदाबाद, 19 सितंबर (हि.स.)। शहर के बाटा फ्लाईओवर के पास बाथरूम करने के लिए कार से उतरे 23 वर्षीय युवक को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोस्त उसे उपचार के लिए बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे बीके अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, बीके अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सिंह गेट, बल्लभगढ़ निवासी साहिल के रूप में हुई है। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है। मृतक के चचेरे भाई अमित ने बताया कि शुक्रवार रात्रि साहिल अपने तीन दोस्तों के साथ खाना लेने गया था। खाना लेकर सभी कार से वापस लौट रहे थे। बाटा फ्लाईओवर के पास साहिल ने कार रुकवाई और बाथरूम करने के लिए नीचे उतर गया। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साहिल सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद साहिल के दोस्तों ने उसे तुरंत बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बीके अस्पताल रेफर कर दिया। दोस्त उसे लेकर बीके अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक साहिल परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। जांच अधिकारी पवन ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे में शामिल पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। हालांकि, घटना के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ड्राइवर को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

