home page

फरीदाबाद : ड्यूटी से लौट रहे व्यक्ति को कैंटर ने कुचला, हुई मौत

 | 
फरीदाबाद : ड्यूटी से लौट रहे व्यक्ति को कैंटर ने कुचला, हुई मौत


फरीदाबाद, 25 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद में नेशनल हाईवे-2 पर एनएचपीसी पुल के पास शनिवार देर रात आयशर कैंटर की टक्कर से ड्यूटी से घर लौट रहे साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कैंटर को रोककर उसमें तोडफ़ोड़ कर दी। भीड़ को देखकर कैंटर ड्राइवर, गाड़ी को छोडक़र मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी जसवंत सिंह के अनुसार, एनएचपीसी चौक पर आयशर कैंटर ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रास्ते से गुजर रहे लोगों ने कैंटर को रोक लिया। हादसे से गुस्साए लोगों ने पत्थरों से कैंटर के शीशे तोड़ दिए। भीड़ को उग्र होते देख ड्राइवर कैंटर छोडक़र मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद साइकिल कैंटर के नीचे फंस गई थी। लोगों ने आरोप लगाया कि ड्राइवर करीब दो किलोमीटर तक साइकिल को घसीटता हुआ ले गया। लोगों का यह भी दावा है कि ड्राइवर ने दूसरे लोगों को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। कैंटर के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर