home page

फरीदाबाद: दार्जिलिंग का वीडियो देखकर घर से भागी छात्राओं को पुलिस ने तलाशा

 | 
फरीदाबाद: दार्जिलिंग का वीडियो देखकर घर से भागी छात्राओं को पुलिस ने तलाशा


फरीदाबाद, 20 अगस्त (हि.स.)। फरीदाबाद के एक कालेज से लापता हुई बीएससी अंतिम वर्ष की तीन छात्राओं को पुलिस ने सकुशल तलाश कर लिया है। पुलिस ने छात्राओं को उनके परिजनों को सौंपते हुए उन्हें भविष्य में ऐसी गलती न करने की चेतावनी दी है। दरअसल इंटरनेट पर दार्जिलिंग की खूबसूरत वादियों के वीडियो देखकर बीएससी अंतिम वर्ष की तीन छात्राओं ने वहां घूमने का ऐसा प्लान बनाया कि परिवार और पुलिस दोनों परेशान हो गए। जानकारी के अनुसार, तीनों छात्राएं 14 अगस्त को कॉलेज से निकलने के बाद घर जाने के बजाय दार्जिलिंग घूमने निकल गईं। उन्होंने पहले नमस्ते चौक पर बिरयानी खाई और फिर मोबाइल फोन बंद कर दिए। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तीनों के मोबाइल की लोकेशन और कॉल डिटेल खंगाली। मोबाइल बंद होने से ठीक पहले हुई बातचीत के आधार पर पुलिस को एक युवक का नंबर मिला। युवक से संपर्क करने पर पता चला कि तीनों दार्जिलिंग घूमने के लिए निकली हैं। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, तीनों छात्राओं की उम्र 22 से 23 वर्ष के बीच है और वह मेहता दयानंद कॉलेज में बीएससी अंतिम वर्ष में पढ़ती हैं। एक छात्रा पलवल, दूसरी एसजीएम नगर और तीसरी पर्वतिया कॉलोनी की रहने वाली है। तीनों को घूमने और ट्रैवल वीडियो देखने का शौक है। इंटरनेट पर दार्जिलिंग की खूबसूरती देखकर उन्होंने वहां जाने का मन बनाया था। इसके लिए उन्होंने परिवार से छिपाकर पैसे भी जमा किए थे। 14 अगस्त को कॉलेज की छुट्टी के बाद तीनों छात्राएं नमस्ते चौक पहुंचीं। वहां बिरयानी खाने के बाद उन्होंने मोबाइल बंद कर दिए। इसके बाद मेट्रो से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचीं। वहां दार्जिलिंग के लिए सीधी ट्रेन नहीं मिलने पर ऑटो से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचीं। यहां से उन्होंने डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस पकड़ ली। यात्रा के दौरान तीनों दानापुर रेलवे स्टेशन पर उतर गईं। वहां से ऑटो लेकर वाराणसी पहुंचीं और गंगा घाट पर स्नान किया। इसके बाद 15 अगस्त की सुबह दानापुर से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए ट्रेन पकड़ी और वहां से दार्जिलिंग जाने की तैयारी थी।इधर, 14 अगस्त की रात तक तीनों के घर नहीं लौटने पर स्वजन ने उनकी तलाश शुरू की। दोस्तों और कॉलेज में जानकारी लेने के बाद भी जब कुछ पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तीनों के मोबाइल नंबरों की आखिरी लोकेशन और कॉल डिटेल खंगालनी शुरू की। वहीं, जांच के दौरान पुलिस को एक छात्रा के मोबाइल से हुई आखिरी बातचीत में एक युवक का नंबर मिला। पुलिस ने युवक से संपर्क किया तो उसने बताया कि तीनों दार्जिलिंग घूमने के लिए निकली हैं। इससे पुलिस को पता चला कि छात्राएं किसी अनहोनी का शिकार नहीं हुई हैं, बल्कि अपनी मर्जी से घूमने निकली हैं। पुलिस टीम दार्जिलिंग पहुंची, लेकिन वहां तीनों छात्राएं नहीं मिलीं। इसके बाद उनके मोबाइल की दोबारा लोकेशन ट्रेस की गई तो न्यू जलपाईगुड़ी की लोकेशन मिली। पुलिस और स्वजन वहां पहुंचे। 16 अगस्त की सुबह तीनों छात्राएं न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित मिल गईं। पुलिस के अनुसार, तीनों छात्राएं बिना टिकट यात्रा करते हुए न्यू जलपाईगुड़ी तक पहुंची थीं। तीनों के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और उन्हें अपने साथ फरीदाबाद वापस ले आए। पूछताछ में छात्राओं ने इंटरनेट पर दार्जिलिंग के वीडियो देखने के बाद घूमने का प्लान बनाने से लेकर ट्रेन से यात्रा करने तक की पूरी कहानी पुलिस को बताई।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर