home page

फरीदाबाद : बाल सुधार गृह से भागे बंदियों में से एक गिरफ्तार

 | 

फरीदाबाद, 05 अक्टूबर (हि.स.)। एनआईटी के पांच नंबर स्थित बंदी बाल सुधार गृह से बाथरुम की खिडक़ी तोडक़र फरार हुए तीन बंदियों में से एक नाबालिग बंदी को अपराध शाखा सेक्टर-48 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाल बंदी को पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता एवं सूत्रों की मदद से मानेसर गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। पुलिस बाल बंदी से पूरी घटना एवं अन्य फरार बाल बंदियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। फरार हुए अन्य बाल बंदियों की तलाश के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि शनिवार रात्रि को बाल सुधार गृह से करीब 17 साल के तीन नाबालिग फरार हो गए। तीनों अलग-अलग हत्या के मामलों में बंद थे। तीनों ने बाथरूम की पुरानी खिडक़ी को हाथ से उखाड़ा और खिडक़ी के नीचे बनी नर्सरी में लटककर नीचे कूदे और वहां से फरार हो गए थे। इनमें से दो बंदी वर्ष 2024 से यहां बंद थे, जबकि तीसरा साल 2025 से बाल सुधार गृह में आया था। बताया जा रहा है कि जिस समय तीनों ने बाल सुधार गृह से निकलने की कोशिश की, उस दौरान सुरक्षा कर्मी वहां मौजूद नहीं थे। सुरक्षा कर्मचारी किसी दूसरे स्थान पर गए हुए थे। फरार नाबालिगों में एक गुरुग्राम, दूसरा नूंह और तीसरा हिसार जिले का रहने वाला था।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर