home page

फरीदाबाद : एकतरफा प्यार में हुई महिला अध्यापिका की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

 | 
फरीदाबाद : एकतरफा प्यार में हुई महिला अध्यापिका की हत्या, आरोपी गिरफ्तार


आरोपी के खिलाफ पुलिस को दी थी शिकायत

फरीदाबाद, 04 अगस्त (हि.स.)। स्कूल में घुसकर लेडी टीचर संध्या शर्मा (25) की चाकू से गोदकर हत्या करने वाले युवक अमित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि अमित संध्या से एकतरफा प्यार करता था। वह पिछले एक साल से महिला अध्यापिका का पीछा कर रहा था। इसी रंजिश में सोमवार सुबह वह संध्या के स्कूल पहुंचा। वहां उसने संध्या को उसके पति के नाम का हवाला देकर कमरे से बाहर बुलवाया। जैसे ही वह बाहर आई, अमित ने उसकी चोटी पकडक़र उसे कमरे से बाहर खींचा और उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, अमित ने 34 बार चाकू से वार किए। इनमें से करीब 10 वार उसकी गर्दन और आसपास के हिस्से पर किए गए। मृतका के पति विक्की गुर्जर का आरोप है कि पत्नी पहले सिरोही गांव के एक स्कूल में पढ़ाती थी। वहीं उनकी अमित से जान-पहचान हुई। अमित की हरकतों से परेशान होकर उन्होंने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में अमित ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांग ली थी। मृतका संध्या शर्मा डबुआ इलाके की रहने वाली थी। गांव फिरोजपुर निवासी विक्की गुर्जर ने उनसे लव मैरिज की थी। विक्की के मुताबिक, शादी के बाद उनके दो बच्चे हुए। इनमें 7 साल का एक बेटा और 5 साल की एक बेटी है। संध्या परिवार के साथ फिरोजपुर गांव में रहती थीं और वहीं से सिकरौना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल पढ़ाने जाती थी। वह दूसरी कक्षा तक के बच्चों को पढ़ाती थीं। विक्की ने बताया कि करीब एक साल पहले संध्या सिरोही गांव के एक स्कूल में पढ़ाती थी। उसी दौरान कोट गांव निवासी अमित का वहां आना-जाना था। वहीं दोनों की जान-पहचान हुई। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद अमित संध्या को परेशान करने लगा। इस पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, बाद में अमित के माफी मांगने पर मामला वहीं सुलझा दिया गया। विक्की ने बताया कि संध्या ने सिरोही गांव के स्कूल में करीब तीन महीने तक ही नौकरी की। इसके बाद उन्होंने वहां की नौकरी छोडक़र सिकरौना स्थित 12वीं तक के सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दिया। स्कूल बदलने का मकसद यही था कि आगे किसी तरह की परेशानी न हो। वह निजी नौकरी करते हैं, जबकि संध्या को रोज अकेले स्कूल आना-जाना पड़ता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अमित पूरी प्लानिंग के साथ संध्या की हत्या करने स्कूल पहुंचा था। उसने पहले से ही अपना चेहरा नकाब से ढक रखा था। स्कूल के गेट पर पहुंचकर उसने महिला सुरक्षाकर्मी से कहा कि संध्या को बाहर भेज दो, उनका पति विक्की उन्हें बुला रहा है। यह सुनकर संध्या कमरे से बाहर आ गईं। जैसे ही संध्या स्कूल की गैलरी में पहुंचीं, अमित ने उनकी चोटी पकडक़र उन्हें खींच लिया। इसके बाद उसने सबसे पहले उनके पेट पर लगातार कई चाकू से वार किए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि वारदात के करीब दो घंटे बाद एवीटीएस सिकरौना की टीम ने आरोपी अमित को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में सेक्टर-58 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि संध्या अमित से पीछा छुड़ाना चाहती थीं और उन्होंने उससे बातचीत भी बंद कर दी थी। वहीं, अमित लगातार उनसे बात करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने संध्या की हत्या कर दी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर