फरीदाबाद : पार्षद दीपक यादव के खिलाफ लामबंद हुए निगम अधिकारी
फरीदाबाद, 27 जुलाई (हि.स.)। वार्ड-42 के पार्षद दीपक यादव द्वारा बल्लभगढ़ नगर निगम कार्यालय में ताला लगाने और कार्यकारी अभियंता डालचंद शर्मा को गाड़ी से उतारकर अपने क्षेत्र का निरीक्षण करवाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बुधवार को पार्षद के खिलाफ निगम अधिकारी और कर्मचारी विरोध में आ गए। एसडीओ, जेई और अन्य कर्मचारियों ने पार्षद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया व पार्षद से मांफी मांगने की मांग भी की। इससे पहले भी पार्षद व अधिकारी आमने सामने आ चुके हैं। एक मामले में तो अधिकारी के साथ मारपीट करने के मामले में पार्षद को जेल भी जाना पड़ा था। मंगलवार को पार्षद दीपक यादव ने बल्लभगढ़ नगर निगम कार्यालय में ताला लगा दिया। दीपक यादव ने कार्यकारी अभियंता डालचंद शर्मा पर आरोप लगाया कि उन्होंने विधायक के कहने पर वार्ड में सीवर लाइन का काम रोका हुआ है। जिसकी वजह से जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही पार्षद ने कार्यकारी अभियंता से अपने क्षेत्र का निरीक्षण करने के लिए भी कहा। इस पर कार्यकारी अभियंता ने कहा कि वह अभी जरूरी काम से बाहर जा रहे हैं। वापस आते ही वार्ड में निरीक्षण कर लेंगे। लेकिन पार्षद ने जबरन कार्यकारी अभियंता की गाड़ी की चाबी निकाल ली। प्रदर्शन करते हुए कर्मचारियों ने कहा कि जब तक दीपक यादव माफी नहीं मांगेगे, धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। हालांकि इंटरनेट मीडिया पर लोग पार्षद के पक्ष में खड़े हुए नजर आए। लोगों ने कहा कि निगम अधिकारी और कर्मचारी छोटे छोटे कामों के लिए लोगों को चक्कर कटवाते हैं, उनको परेशान करते हैं। ऐसे में पार्षद ने बल्लभगढ़ कार्यालय पर ताला लगाकर सही किया। पूरे मामले में पार्षद दीपक यादव को अपने साथी पार्षदों का ही साथ मिलता नजर नहीं आ रहा है। पार्षद अजय बैसला ने कहा कि इस मामले में मेयर को हस्तक्षेप करना चाहिए था। लेकिन मेयर को पार्षदों और जनता की परेशानियों से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने दो साल में हाउस की एक भी बैठक नहीं बुलाई।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

