home page

फरीदाबाद : डबुआ में हुई हत्या मामले में दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
फरीदाबाद : डबुआ में हुई हत्या मामले में दो आरोपित गिरफ्तार


फरीदाबाद, 21 मार्च (हि.स.)। डबुआ क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में अपराध शाखा डीएलएफ पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डबुआ कालोनी निवासी राधे व सन्नी के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि इस संबंध में उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के धर्मांगदपुर निवासी पवन कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी। उसने अपनी शिकायत में बताया कि 4 मार्च को उसका छोटा भाई संजीव कुमार अपने एक दोस्त से मिलने के लिए जा रहा था। जब वह रतिराम मार्ग स्थित शुक्ला आटा चक्की के पास पहुंचा, तो वहां खड़े बादल, राधे, सन्नी, बिल्ला, करण व अन्य ने संजीव पर हमला कर दिया और उसे गंभीर चोट मारकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों द्वारा संजीव को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इस संबंध में थाना डबुआ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि मृतक संजीव डबुआ कॉलोनी में ही रहता था। मृतक ने आरोपी बादल की बहन के साथ बदतमीजी की थी, इसी के चलते बादल ने अपने साथी राधे, सन्नी व अन्य के साथ मिलकर संजीव के साथ मारपीट की और चोटें पहुंचाई। पुलिस ने दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस बादल व अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर