home page

फरीदाबाद : मोबाइल स्क्रीन पर स्कैच आने पर मां बच्चों को पीटा

 | 
फरीदाबाद : मोबाइल स्क्रीन पर स्कैच आने पर मां बच्चों को पीटा


19 सेकेंड में बच्चों को जड़े 12 थप्पड़, दादा ने दी पुलिस में शिकायत

फरीदाबाद, 30 सितंबर (हि.स.)। फरीदाबाद में मोबाइल की स्क्रीन पर स्क्रैच आने पर एक मां ने अपने दो बच्चों की पिटाई कर दी। छह साल की बेटी को 12 सेकेंड में आठ और चार साल के बेटे को सात सेकेंड में चार थप्पड़ मारे। बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी युवक पहुंचा। बच्चों के साथ मारपीट की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बच्चों के पिता सेना में नायक हैं और राजस्थान में तैनात हैं। उनका आरोप है कि पत्नी पहले भी बच्चों के साथ मारपीट कर चुकी है। पत्नी के मायके वाले पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। मामले को लेकर बच्चों के दादा ने पर्वतीया कॉलोनी चौकी में शिकायत दी है।

नंगला पार्ट-2 के रहने वाले सतबीर (31) ने बताया कि वह आर्मी में हैं और इस समय राजस्थान में तैनात हैं। साल 2016 में 12वीं करने के बाद वह सेना में भर्ती हुए थे। इसके बाद साल 2019 में उनकी शादी सागरपुर निवासी सोनिया (28) से हुई थी। सोनिया ने बीए तक पढ़ाई की है। उनकी बेटी 6 साल और बेटा 4 साल का है। सतबीर ने बताया कि सेना में भर्ती होने के बाद वह घर से दूर रहते हैं। घर पर उनकी पत्नी बच्चों और उनके माता-पिता के साथ रहती है। उनका आरोप है कि उनकी पत्नी पहले भी छोटी-छोटी बातों पर बच्चों को पीटती रही है। जब भी उन्होंने इसकी शिकायत पत्नी के मायके वालों से की, तो उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जाती रही। सतबीर ने बताया कि बार-बार बच्चों के साथ मारपीट से परेशान होकर उन्होंने करीब तीन महीने पहले घर में कैमरे लगवाए थे। इन्हीं कैमरों में बच्चों के साथ मारपीट की यह घटना रिकॉर्ड हो गई। 27 सितंबर को घटना के दिन उनके मम्मी-पापा नूंह में अपने घर गए हुए थे।

घर पर उनकी पत्नी और बच्चे ही थे। सतबीर ने बताया कि घटना शाम करीब सात बजे की है। बेटी मोबाइल चला रही थी। इसी दौरान उसकी मां सोनिया वहां आती है और मोबाइल को देखती है। मोबाइल की स्क्रीन पर स्क्रैच देखकर वह चिल्लाने लगती है और बच्ची को थप्पड़ मारना शुरू कर देती है। वह 12 सेकेंड में बेटी को आठ थप्पड़ मारती है। इसके बाद पत्नी बेटा को सात सेकेंड में चार थप्पड़ मारती दिखाई दे रही है। बच्चों के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी युवक घर में आता है और बच्चों को न मारने की कहता है। सतबीर ने पत्नी के मायके वालों पर भी धमकाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पत्नी के मायके वाले उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी देते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर