home page

फरीदाबाद : मोस्टवांटेड गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया के घर पर लगा ताला, परिवार दूसरी जगह शिफ्ट

 | 
फरीदाबाद : मोस्टवांटेड गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया के घर पर लगा ताला, परिवार दूसरी जगह शिफ्ट


फरीदाबाद, 25 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया को अमेरिका में गिरफ्तार किए जाने की खबराें के बाद उसके घर पर ताला लग गया है। परिवार कहीं दूसरी जगह जा चुका है। नीरज पर दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में 51 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अकेले फरीदाबाद में ही 27 केस दर्ज है, जिनमें से 12 मामलों में वांटेड है। नीरज के गांव फरीदपुर में लोग उसकी गिरफ्तारी की चर्चा कर रहे हैं। नीरज के 4 मंजिला घर पर भी ताला लगा हुआ है। ट्रांसपोर्टर पिता परिवार के साथ किसी दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीण ने बताया कि नीरज का पहला झगड़ा 2007 में हुआ था, तब उसकी उम्र 15 साल के आसपास रही होगी। उसने पूर्व सरपंच से कूड़ा डालने के विवाद में गोली चला दी थी। इसके बाद उसके कई झगड़े हुए। इसके बाद से ही परिवार और रिश्तेदारों ने भी दूरी बना ली। नीरज का पहला झगड़ा 2007 में हुआ। पूर्व सरपंच दयानंद से नाली में कूड़ा डालने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान उसने अवैध हथियार से गोली चलाई। मामले में नीरज को जेल हुई, हालांकि बाद में परिवार में सुलह हुई और मामला निपट गया। जेल में रहने के दौरान उसका कई बदमाशों से संपर्क हुआ। 2012 में दीपक नाम के युवक की हत्या हुई थी। इसमें भी नीरज का नाम सामने आया। मामले में उसे 2015 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। बताया जा रहा है कि यहां उसकी मुलाकात कौशल चौधरी के गुर्गों से हुई, जिसके बाद बंबीहा गैंग से जुड़ा गया। बाद में 2019 में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत पर जेल से बाहर आया। 26 जून 2019 को फरीदाबाद में कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें भी नीरज का नाम सामने आया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नीरज पर शूटरों और हथियारों का इंतजाम करने का आरोप है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसके बाद वह विदेश भाग गया। बताया जाता है कि उसने कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल किया। वह पहले दुबई और फिर कनाडा पहुंचा। इसके बाद यहां से अमेरिका गया। नीरज के पिता महेश (63) ट्रांसपोर्ट का काम करते थे। नीरज की क्राइम एक्टिविटीज बढऩे से उनके कारोबार पर भी असर पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार, नीरज के पिता उसकी बहन की शादी के बाद गांव छोडक़र चले गए। अभी ग्रामीणों को उनके ठिकाने की भी जानकारी नहीं है। नीरज का एक बड़ा और एक छोटा भाई है। वहीं, उसकी बहन की शादी करीब चार पहले हुई थी। नीरज की अभी तक शादी नहीं हुई है। परिवार के गांव छोडऩे के बाद से ही उनका चार मंजिला मकान खाली पड़ा है। फरीदाबाद पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नीरज को 17 जुलाई 2020 को हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया था। वह बीपीटीपी थाना क्षेत्र के गैंग नंबर-7 से जुड़ा रहा है। फरीदाबाद में उसके खिलाफ 27 मुकदमे दर्ज हैं और 12 मामलों में पुलिस को उसकी तलाश है। छांयसा, सेंट्रल, सेक्टर-8, सदर, आदर्शनगर और बल्लभगढ़ थानों में उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। इसके अलावा गुरुग्राम, करनाल और पलवल में भी उस पर मुकदमे दर्ज हैं। पलवल के सदर, कैंप, होडल और हसनपुर थानों में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज बताए गए हैं। एसीपी क्राइम वरुण दहिया के मुताबिक, पुलिस को अमेरिका में नीरज को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिली है। अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। उसे भारत लाने की प्रक्रिया पर अब नजर है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर