home page

फरीदाबाद : शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड, पति-पत्नी सहित पांच गिरफ्तार

 | 
फरीदाबाद : शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड, पति-पत्नी सहित पांच गिरफ्तार


फरीदाबाद, 04 जुलाई (हि.स.)। शादी करने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 पुलिस टीम ने भंडाफोड करते हुए पति-पत्नी सहित पांच आरोपितों को अलीगढ़ उत्तर प्रदेश से काबू करने में सफलता हासिल की है। आरोपितों की पहचान दानिश चमन(35), महविश दानिश(27) (महिला) , सचिन(27), संजीव(52), निवासी अलीगढ व प्रदीप(34) निवासी बुलंदशहर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि थाना सारन में राजकुमार पांचाल की शिकायत पर शादी का झांसा देकर 40 हजार रुपए से अधिक की ठगी करने के संबंध में एक मामला दर्ज किया गया था। जिसने अपनी शिकायत में बताया था कि उसको लडक़ी देखने के लिए 2/3 बार अलीगढ उत्तर प्रदेश बुलाया गया परंतु उसको लडक़ी पसंद नहीं आई, फिर उसके फोन पर एक पूजा नाम की लडकी की फोटो भेजी गई, जिसको उसने पंसद किया। पांच सितंबर 2025 को रानी, लडक़ी पूजा व उसका परिवार अलीगढ से उसके घर भी आया था तथा टीका के 11 हजार रुपए ले लिये। इसके बाद शादी की प्रकिया के लिए उन्होंने शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये लिये तथा सात सितंबर 2025 को अलीगढ़ स्थित मंदिर में शादी करने की बात कही। वह सात सितंबर को मंदिर पहुंचा, परंतु वहां कोई नहीं आया। इस प्रकार उसके साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया। जांच में सामने आया कि बंटी, राजकुमार पांचाल का जानकार था। राजकुमार पांचाल ने घर की परिस्थितियों को देखते हुए बंटी को अपनी शादी करवाने के लिये कहा था। जिस पर बंटी ने अपने जानकार के माध्यम से एक महिला रानी को शिकायतकर्ता के लिए लड़की देखने के बारे में कहा था। रानी रिश्ते करवाने का काम करती है। रानी ने 2/3 बार राजकुमार पांचाल को अलीगढ बुलाया, परंतु ठगी की बात नहीं बनी। फिर रानी ने बंटी के जरिए उसके पास आरोपिता महविश दानिश का फोटो पूजा नाम बताकर भेजा। जिसका फोटो पसंद आने के बाद आरोपित प्रदीप को लडकी का चाचा, संजीव को काका, सचिन को बिचोलिया, दानिश चमन भाई व खुद लड़की की बड़ी बहन बनकर पांच सितंबर को शिकायतकर्ता के घर फरीदाबाद आई, टीका के नाम पर 11000 और शादी की तैयारी के लिए छह सितंबर को शिकायतकर्ता से 30,000 रुपये ले लिये। शादी के लिए सात सितंबर की तारीख निश्चित की गई। इस तरह से ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया। उन्होंने बताया कि महिला आरोपिता महविश दानिश, पूर्व में भी इसी प्रकार से ठगी करने के मामलो में दो बार जेल जा चुकी है वहीं प्रदीप पूर्व में अलीगढ जेल व डासना नोएडा जेल में ठगी के मामलों में जेल में जा चुका है। मास्टरमाइंड रानी की तलाश के लिए अपराध शाखा की टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर