home page

फरीदाबाद में मंदिर-मस्जिद पर चला बुलडोजर, इंटरनेट सेवाएं बंद

 | 
फरीदाबाद में मंदिर-मस्जिद पर चला बुलडोजर, इंटरनेट सेवाएं बंद


फरीदाबाद, 30 मई (हि.स.)। फरीदाबाद में नगर निगम ने एक शिव मंदिर और मस्जिद पर बुलडोजर चलवा दिया। इसके साथ ही कई अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त किया गया। शुक्रवार देर रात शुरू हुई प्रशासन की कार्रवाई शनिवार सुबह तक चलती रही। सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। सरकार ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एनआईटी क्षेत्र में करीब 21 घंटे तक इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी है। एलिवेटेड रोड और आरआरटीएस कॉरिडोर निर्माण के लिए ये कार्रवाई की गई है। फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट भी कर दिया है। गुरुग्राम जाने के लिए ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि दिनभर ये कार्रवाई जारी रह सकती है। नगर निगम की टीम ने शुक्रवार- शनिवार रात एन.एच.-3 मस्जिद चौक के पास शिव मंदिर और मस्जिद पर बुलडोजर चलवाया। इसके साथ ही कई अवैध कब्जों को भी हटाया गया। मस्जिद चौक के पास से एलिवेटेड रोड का निर्माण प्रस्तावित है। इसके साथ ही गुरुग्राम- फरीदाबाद- नोएडा रूट के लिए नमो भारत आरआरटीएस (रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) कॉरिडोर भी इसी क्षेत्र से गुजरना है। इन परियोजनाओं के मार्ग में ये निर्माण बाधा बन रह थे। निगम की टीम ने रात करीब 2 बजे मस्जिद चौक और उसके आसपास एरिया में नाकाबंदी शुरू कर दी। निगम अधिकारियों का कहना है कि मंदिर और मस्जिद प्रशासन को निर्माण हटाने के लिए कई नोटिस दिए जा चुके हैं। नोटिस के बाद भी इन्हें हटाया नहीं गया। जिसके बाद ये कार्रवाई की गई। मंदिर सहित कई दूसरे ढांचे पुरात्तव विभाग की जमीन पर बने हैं। ये ढांचे करीब 30 से 40 साल पुराने हैं। गृह विभाग की अतिरिक्त सचिव डॉ. वंदना दिसोदिया ने एक आदेश जारी करते हुए कहा कि प्रशासन को सूचना मिली थी कि इस तोडफ़ोड़ अभियान के दौरान तनाव, उपद्रव और सार्वजनिक व निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉम्र्स ( वॉट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर आदि) के माध्यम से भडक़ाऊ सामग्री और अफवाहों को रोकने के लिए इस एरिया में इंटरनेट सेवाएं शुक्रवार रात 12 से शनिवार रात 10 बजे तक बंद की जाएगी। नगर निगम की टीम ने ये कार्रवाई एनजीटी (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) के आदेश पर की है। इस दौरान दौरान मेट्रो मोड़ से ईएसआई चौक, मस्जिद चौक होते हुए सैनिक कॉलोनी, रेड लाइट चौक तक जाने वाले मार्ग को अस्थायी रूप से बंद रखा गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 29 की रात 2 बजे से 30 मई की दोपहर 2 बजे तक मेट्रो मोड़ से ईएसआई चौक, मस्जिद चौक होते हुए सैनिक कॉलोनी रेड लाइट तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा डीसीपी एनआईटी कार्यालय से मुल्ला होटल जाने वाले मार्ग पर भी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में सभी दिशाओं से वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। गुरुग्राम की ओर जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। भारी वाहनों को बडख़ल, अंखीर चौक, एमवीएन चौक और पाली रोड होकर गुरुग्राम भेजा जाएगा, जबकि हल्के वाहन बीके चौक, 4-5 चौक, पटेल चौक, बडख़ल गांव रोड और सैनिक कॉलोनी से होते हुए निकल सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर