home page

फरीदाबाद : एयरफोर्स स्टेशन की दीवार फांदकर अंदर घुसा युवक, सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा

 | 
फरीदाबाद : एयरफोर्स स्टेशन की दीवार फांदकर अंदर घुसा युवक, सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा


फरीदाबाद, 08 मई (हि.स.)। फरीदाबाद के डबुआ स्थित एयरफोर्स स्टेशन की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने बाहरी दीवार फांदकर परिसर में घुसने का प्रयास किया। घटना तीन मई की है। जिसके बारे में शुक्रवार को जानकारी सामने आई। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे तुरंत पकड़ लिया। इसके बारे उच्चाधिकारियों से विचार विमर्श करने के बाद एयरफोर्स स्टेशन के सुरक्षा अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर रविंदर छापारिया द्वारा पुलिस में शिकायत दी गई, जिस पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान डबुआ कॉलोनी निवासी इरफान अली के रूप में हुई है। सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से 10-10 रुपए के दो सिक्के और तंबाकू की पुडिय़ा बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को डबुआ थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। प्रारंभिक शिकायत में कुछ तकनीकी विसंगतियां होने के कारण पुलिस ने एयरफोर्स अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद संशोधित शिकायत दी गई। डबुआ थाना इंचार्ज संग्राम दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर शुक्रवार को उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर