home page

फरीदाबाद : एलपीजी की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई, नौ एफआईआर दर्ज, 56 सिलेंडर पकड़े गए

 | 

फरीदाबाद, 31 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारु रूप से जारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर अनावश्यक स्टॉक न करें। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों की नियमित निगरानी की जा रही है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कविता सिंह परिहार ने मंगलवार को बताया कि जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की मांग के अनुसार 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। सोमवार को पूरे जिले में एलपीजी सिलेंडर मांग के अनुरूप सफलतापूर्वक उपलब्ध कराए गए। उन्होंने कहा कि सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है और किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं है। जिले में गैस सिलेंडरों के स्टॉक की भी कोई कमी नहीं है। कविता सिंह परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि गत दिवस कुल 28093 घरेलू गैस सिलेंडर को उपभोक्ताओं में वितरित किए गए है। मांग अनुसार हर दिन शत प्रतिशत सप्लाय सुनिश्चित की जा रही है। मांग और आपूर्ति में कोई अन्तर नहीं है। ऐसे में उपभोक्ता को पैनिक की स्थिति से बचते हुए अनावश्यक स्टॉकिंग से बचने की सलाह दी जाती है। वे अनावश्यक लाइन में न लगे। उन्होंने बताया कि जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियन्त्रक, फरीदाबाद विभाग की गठित टीमों द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी को रोकने के लिए जिला फरीदाबाद के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। जिसमें घरेलू गैस सिलेंडर का दुरूपयोग पाए जाने पर दिनांक 30 मार्च तक आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत कुल 09 एफआईआर दर्ज की गई। जिसमें ओल्ड फरीदाबाद थाना में 02 एफआईआर, भूपानी थाना में 01 एफआईआर, सैक्टर-31 थाना में 01 एफआईआर, पल्ला थाना में 01 एफआईआर, बीपीटीपी थाना में 02 एफआईआर, सारन थाना में 01 एफआईआर व बल्लभगढ़ सदर थाना में 01 एफआईआर दर्ज करवाई गई है। जिसमें कुल 56 सिलेंडर पकड़े गए। इसके अतिरिक्त विभाग द्वारा 12 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त भी किए हैं और आगे भी इस बारे चैकिंग अभियान जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर