home page

फरीदाबाद में प्रेम प्रसंग के चलते चाकू से गोदकर युवक की हत्या

 | 
फरीदाबाद में प्रेम प्रसंग के चलते चाकू से गोदकर युवक की हत्या


फरीदाबाद, 10 अप्रैल (हि.स.)। प्रेम संबंध से जुड़े विवाद में एक 25 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना गुरुवार देर रात बदरपुर बॉर्डर के पास एक गेस्ट हाउस के बाहर हुई। पुलिस ने इस मामले में एक युवक और एक युवती को हिरासत में लिया है। मृतक निजी अस्पताल में स्वीपर का काम करता था। मृतक की पहचान सचिन महरा के रूप में हुई है, जो पल्ला थाना क्षेत्र के सूर्य विहार का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात सचिन अपने एक दोस्त से मिलने होटल पहुंचा था, जहां उसका दोस्त काम करता था। जीतू नामक दोस्त ने उसको फोन करके बुलाया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान तीन युवक उसका पीछा करते हुए होटल के बाहर पहुंचे और सचिन के साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते एक हमलावर ने चाकू निकालकर सचिन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सन्नी नाम के युवक ने मृतक पर चाकूओं से वार किया। जबकि ग्यासी और आदित्य मौके से भागने में कामयाब रहे। इस हत्या के समय वहां पर एक युवती भी मौजूद बताई जा रही है, जिसको लेकर ये पूरा विवाद हुआ था। परिजनों का कहना है कि जब यह वारदात हुई, उस वक्त सराय थाने की राइडर पर तैनात दो पुलिसकर्मी वहीं मौजूद थे।आरोप है कि उन्होंने बीच-बचाव नहीं किया, बाद में उन्होंने चाकू मारने वाले युवक को हिरासत में ले लिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने घायल सचिन को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। बीके अस्पताल में शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है। थाना सराय के प्रभारी राकेश ने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने एक युवती को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर