फरीदाबाद : लाखों की ज्वैलरी लूट मामले का आरोपित पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
फरीदाबाद, 17 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद के गांव सरूरपुर में ज्वेलरी शॉप से 64 लाख रुपये के सोना के लूट मामले में तीसरे आरोपित को मंगलवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित मुठभेड़ में घायल हुआ हुआ है। उसके पैर में गोली लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपित पर हरियाणा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी लूट और हत्या जैसे 11 संगीन मामले दर्ज हैं।
ज्वेलरी शॉप पर हुई लूट के मामले में उसके दो साथी, जावेद और साकिब पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस का कहना है कि अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद आरोपित से पूछताछ की जाएगी।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि आरोपित धर्मवीर यादव उर्फ बाबू (उप्र निवासी) दिल्ली से फरीदाबाद में अपने किसी साथी से मिलने आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुगलकाबाद-सूरजकुंड रोड पर नाका लगाकर निगरानी शुरू की। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने देखा कि बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर एक युवक आ रहा है। पुलिस ने उसको रुकने का इशारा किया। इसके बाद युवक ने बाइक दौड़ा दी। बाद में बाइक को छोड़कर जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस ने आरोपित को चेतावनी दी, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो आरोपित के सीधे पैर में जा लगी। इसके बाद पुलिस ने आरोपित धर्मवीर को काबू कर लिया। मौके से वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि पकड़ा गया बदमाश धर्मवीर एक शातिर अपराधी है, जिस पर उत्तर प्रदेश और हरियाणा में लूट, हत्या, फिरौती और हत्या के प्रयास के 11 मुकदमे दर्ज हैं। वह 11 मार्च को सरूरपुर गांव के सैनी चौक पर हुई ज्वेलरी शोरूम लूट की वारदात के बाद से फरार चल रहा था। इस मामले में उसके दो साथी जावेद और साकिब पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि धर्मवीर फरीदाबाद में किसी बड़े शोरूम को निशाना बनाने की फिराक में था। पुलिस इस गैंग के एक अन्य फरार आरोपित रेहान की तलाश में जुटी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

