फरीदाबाद में बीमारी से परेशान युवती ने फंदा लगाकर दी जान
फरीदाबाद, 11 अगस्त (हि.स.)। फरीदाबाद के सेक्टर 15ए में युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक लडक़ी काफी समय से बीमार चल रही थी और मानसिक रूप से परेशान थी। मृतका की पहचान यूपी में कन्नौज के गांव सिरसा की रहने वाली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सेक्टर 15ए चौकी इंचार्ज शिव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतका अंजली (17) कन्नौज से करीब एक महीने पहले फरीदाबाद आई थी। यहां पर वह सेक्टर 15ए में अपने भाई विशाल और भाभी के साथ रह रही थी। उसका भाई विशाल यहीं पर एक निजी कंपनी में काम करता है। पुलिस के अनुसार अंजली काफी समय से बीमार चल रही थी। जिस कारण वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। परिवार के लोगों के मुताबिक बीमारी के कारण उसका स्कूल जाना भी बंद करा दिया गया था। विशाल की वाइफ गर्भवती है, इसलिए अंजली को कुछ दिनों के लिए बुलाया गया था। मंगलवार को वह घर में अकेली थी, उसका भाई विशाल और भाभी दोनों अपने काम पर गए हुए थे। पीछे से अंजली ने घर में ही फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। जब विशाल का साला घर पर टयूशन से वापस आया, तो उसने गेट खटखटाया जिसके बाद किसी ने गेट नहीं खोला। इसके बाद उसने खिडक़ी से देखा कि अंजली ने फांसी लगाई हुई है। जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर 15ए चौकी इंचार्ज शिव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल में रखवा दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

