home page

फरीदाबाद : सांसद खेल प्रतियोगिताएं छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को प्रदान कर रही है मंच : कृष्णपाल गुर्जर

 | 
फरीदाबाद : सांसद खेल प्रतियोगिताएं छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को प्रदान कर रही है मंच : कृष्णपाल गुर्जर


केंद्रीय राज्यमंत्री ने सेक्टर-12 खेल परिसर में किया दो दिवसीय महिला सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ

फरीदाबाद, 31 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में आयोजित की जा रही सांसद खेल प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों, छोटे कस्बों और दूरदराज के इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का सशक्त माध्यम बन रही हैं। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य ऐसे प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को मंच प्रदान करना है, जिन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर नहीं मिल पाता। गुर्जर शनिवार को सेक्टर- 12 स्थित खेल परिसर में आयोजित आयोजित पांचवीं सांसद खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खिलाडिय़ों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में इस वर्ष बेटियों और पुरुष खिलाडिय़ों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को बेटियों की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जबकि 20, 21 और 22 नवंबर को पुरुष खिलाडिय़ों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मना रहा है। इस अवसर पर उन्होंने सभी देशवासियों को सरदार पटेल की जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता से देश को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बना है उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक विकास और अनुशासन के लिए भी बेहद जरूरी हैं। हरियाणा को खेलों की खान बताते हुए उन्होंने कहा कि देश द्वारा जीते जाने वाले कुल पदकों में हरियाणा के खिलाडिय़ों की हिस्सेदारी 25 प्रतिशत से अधिक रहती है। कुश्ती, बॉक्सिंग, कबड्डी, हॉकी और एथलेटिक्स जैसे खेलों में हरियाणा के खिलाडिय़ों ने अपनी अलग पहचान बनाई है। कार्यक्रम में विभिन्न टीमों द्वारा उत्साहपूर्वक मार्च पास्ट के जरिए अपने जोश और उत्साह का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने उपस्थित समस्त खिलाडिय़ों को नशे से दूर रहने एवं खेल भावना को जीवन में अपनाने की शपथ भी दिलाई। खेल महोत्सव में इस बार 14 विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं में बालिका वर्ग शामिल है, जो समावेशी खेल संस्कृति को दर्शाता है। उद्घाटन के उपरांत 1500 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कन्या धावकों ने भाग लिया। श्री गुर्जर ने स्वयं रेस ट्रैक पर पहुँचकर खिलाडिय़ों से संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा, सतीश फागना, धनेश अदलखा, उपायुक्त आयुष सिन्हा,सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्योगपति, खिलाड़ी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर